प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नए नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का करेंगे उद्घाटन
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 12:45 PM (IST)
नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नवनिर्मित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का शनिवार को उद्घाटन करेंगे। नोएडा हवाई अड्डे को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लिए दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया गया है। यह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का पूरक होगा। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इसका उद्घाटन भारत के वैश्विक विमानन केंद्र बनने की दिशा में एक मील का पत्थर है।

बयान में कहा गया, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मार्च, 2026 को उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। वह पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे गौतमबुद्ध नगर के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का अवलोकन करेंगे। प्रधानमंत्री इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे।'' नोएडा हवाईअड्डा भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक है। बयान में कहा गया कि दिल्ली और नोएडा हवाई अड्डे मिलकर एक एकीकृत विमानन प्रणाली के रूप में काम करेंगे जिससे भीड़भाड़ कम होगी, यात्री क्षमता बढ़ेगी और दिल्ली-एनसीआर को दुनिया के प्रमुख विमानन केंद्रों में शामिल करने में मदद मिलेगी।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत 11,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। आरंभ में इस हवाई अड्डे की यात्री संचालन क्षमता प्रति वर्ष एक करोड़ 20 लाख यात्रियों की होगी। इसके पूरी तरह विकसित हो जाने के बाद इसे बढ़ाकर प्रति वर्ष सात करोड़ यात्रियों तक किया जा सकता है। इसमें उपलब्ध सुविधाओं में 3,900 मीटर लंबा रनवे शामिल है जो बड़े आकार के विमानों को संभालने में सक्षम है। इसमें आधुनिक नेविगेशन प्रणाली और उन्नत एयरफील्ड प्रकाश व्यवस्था की सुविधा है ताकि इसे हर मौसम में चौबीसों घंटे संचालित किया जा सके।
