PM मोदी 25 अक्टूबर को ओडिशा दौरे पर जाएंगे, RBI डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन

punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 06:34 PM (IST)

भुवनेश्वर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अक्टूबर को ओडिशा के दो घंटे के दौरे पर आएंगे और इस दौरान वह भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 169 करोड़ रुपये के डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा साझा किए गए संभावित कार्यक्रम के अनुसार, मोदी भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से शाम करीब 4:30 बजे यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। हवाई अड्डे से, प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से खुर्दा हेलीपैड जाएंगे और फिर वहां से सड़क मार्ग से जटनी के 'इन्फो वैली-2' स्थित आरबीआई केंद्र पहुंचेंगे, जहां उद्घाटन समारोह आयोजित होगा।

कार्यक्रम के मुताबिक, वह आरबीआई के डेटा सेंटर में लगभग एक घंटा बिताएंगे और फिर सड़क मार्ग से भुवनेश्वर लौटेंगे। इसके बाद, शाम करीब 6:30 बजे वह राज्य से रवाना हो जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष जतिन मोहंती ने कहा, ''वर्ष 2024 में ओडिशा में पार्टी की सरकार बनने के बाद, यह प्रधानमंत्री का राज्य का नौवां दौरा होगा।'' उन्होंने बताया कि नवी मुंबई के बाद, जटनी में बना आरबीआई का यह इस तरह का दूसरा डेटा सेंटर होगा।

भाजपा नेता ने कहा कि यह परियोजना ओडिशा की डिजिटल अवसंरचना का विस्तार करेगी और राज्य के प्रौद्योगिकी तथा इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण स्थल के रूप में उभरने में सहायक होगी। मोहंती ने कहा, ''प्रधानमंत्री ने ओडिशा के लिए सेमीकंडक्टर इकाइयां आवंटित की थीं और अब वह राज्य में डिजिटल ढांचे को विस्तार दे रहे हैं।'' आरबीआई का डेटा केंद्र 18.55 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। 

एक अधिकारी ने बताया कि यह केंद्र मुद्रा प्रबंधन, भुगतान और निपटान प्रणालियों, तथा विनियामक कार्यों जैसे अहम कार्यों के लिए डेटा प्रबंधन, आपदा से उबरने, साइबर सुरक्षा और व्यावसायिक निरंतरता को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। परियोजना का शिलान्यास 22 मार्च, 2023 को आरबीआई के तत्कालीन गवर्नर शक्तिकांत दास ने किया था।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और मुख्य सचिव अनु गर्ग ने प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा से पहले तैयारियों की समीक्षा की है। प्रधानमंत्री इससे पहले चार महीने पूर्व राज्य के दौरे पर आए थे और माझी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News