पुणे मेट्रो की पिंक लाइन का PM मोदी ने किया उद्घाटन, 1,200 KM तक पहुंचा देश का मेट्रो नेटवर्क

punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 02:03 PM (IST)

पुणेः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में 248 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क परिचालन में था जबकि अब यह बढ़कर 1,200 किलोमीटर हो गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बेहतर शहरी बुनियादी ढांचा देश की आर्थिक वृद्धि को तेज करेगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पुणे मेट्रो लाइन 3 (पिंक लाइन) का उद्घाटन करते हुए मोदी ने कहा, ''जब देश ने 2014 में राजग को सेवा करने का मौका दिया तो हमने शहरों में रहने वाले मध्यम वर्ग के लिए जीवन को आसान बनाने और परिवहन को सुगम बनाने के संकल्प के साथ काम शुरू किया।''

मोदी ने दूसरे चरण के तहत चार नए मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी जिसमें कुल लगभग 21,800 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है। मोदी ने 23 किलोमीटर लंबी 'पिंक लाइन' का उद्घाटन किया जिसे 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। यह कॉरिडोर हिंजवाडी आईटी हब को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन से जोड़ेगा।

इससे हजारों आईटी पेशेवरों को रोजाना आवागमन में सुविधा मिलने, यातायात जाम कम होने और निजी वाहनों पर निर्भरता घटने की उम्मीद है। पिंक लाइन का संचालन महिला ऑपरेटरों द्वारा किया जाएगा। इसकी बिजली की लगभग 30 प्रतिशत जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी की जाएंगी। मोदी ने पुणे मेट्रो के फेज-2 की भी आधारशिला रखी जिसकी अनुमानित लागत लगभग 13,500 करोड़ रुपये है। इस चरण में चार कॉरिडोर - लाइन 2ए, 2बी, 4 और 4ए शामिल होंगे जो शहर के प्रमुख आवासीय, वाणिज्यिक और आईटी केंद्रों को जोड़ेंगे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News