PM मोदी आज इंडोनेशिया होंगे रवाना, G20 समिट में करेंगे शिरकत, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Nov 14, 2022 - 05:27 AM (IST)

नेशनल डेस्कः इंडोनेशिया में 14 नवंबर से शुरू हो रहे जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पीएम मोदी आज बाली रवाना होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से इंडोनेशिया के बाली में 17वें जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। बाली शिखर सम्मेलन के दौरान, पीएम मोदी और अन्य जी20 नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, पर्यावरण, कृषि, स्वास्थ्य और डिजिटल परिवर्तन समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
PunjabKesari
राष्ट्रपति मुर्मू आज बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर जाएंगी 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर आकर दर्शन करेंगी तथा पूजा-अर्चना करेंगी। यह जानकारी देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री पहले ही ट्विटर के माध्यम से दे चुके हैं। देवघर के डीसी ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति की यात्रा के कारण 14 नवंबर को सुबह 09 बजे से दोपहर 03.30 बजे तक आम श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। राष्ट्रपति के मंदिर से जाने के बाद ही आम श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। 

मैनपुरी से डिंपल यादव आज पर्चा कर सकती हैं दाखिल 
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार डिंपल यादव सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकती हैं। मैनपुरी के सपा के जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने मैनपुरी से मीडिया को बताया, ‘‘डिंपल यादव सोमवार दोपहर को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।'' मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव पांच दिसंबर को होगा और परिणाम की घोषणा आठ दिसंबर को की जाएगी।

महाराष्ट्र में एक दिन का विराम लेगी भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा' ने रविवार को महाराष्ट्र में एक दिन का विराम लिया है और यह सोमवार को हिंगोली जिले के कलमनुरी से वाशिम के लिए प्रस्थान करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में यात्रा के छठे दिन शनिवार रात कलमनुरी में एक जनसभा को संबोधित किया और कहा कि उनके नेतृत्व में हो रहे इस पैदल मार्च का संदेश है कि भारत को बांटा नहीं जा सकता और नफरत को फैलने नहीं दिया जाएगा। 

आर्मी डिजाइन ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रौद्योगिकी नोड का शुभारंभ आज बेंगलुरु में 
एक बड़े रक्षा औद्योगिक आधार की उपलब्धता, एक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र और दक्षिणी राज्यों में काफी प्रतिभा पूल को देखते हुए, सेना डिजाइन ब्यूरो (एडीबी) का एक क्षेत्रीय प्रौद्योगिकी नोड (आरटीएन) बेंगलुरु में स्थापित किया जा रहा है। आरटीएन-बी का उद्घाटन सोमवार को एएससी सेंटर एंड कॉलेज, बेंगलुरु में होगा।

दिल्ली में आज से चलेंगे BS-4 डीजल और BS-3 पेट्रोल वाहन
बीएस-तीन पेट्रोल और बीएस-चार डीजल चालित चार पहिया वाहनों के मालिक अब दिल्ली की सड़कों पर अपने वाहन संभवत: चला सकेंगे, क्योंकि बढ़ते प्रदूषण के बीच इन पर लगाए गए प्रतिबंध रविवार को समाप्त हो गए। बहरहाल, दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि यह तय करने के लिए सोमवार को एक बैठक होगी कि प्रतिबंध जारी रहना चाहिए या नहीं। 

MCD Elections: कांग्रेस ने जारी की 250 उम्मीदवारों की लिस्ट, जानें किसको कहां से मिला टिकट
कांग्रेस ने दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए रविवार को अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सभी 250 वार्डों पर उम्मीदवारों का चयन किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सभी केंडिडेट के नाम पर मुहर लगा दी है। इससे पहले भाजपा 232 वार्डों पर अपने उम्मीदवार उतार चुकी है। आम आदमी पार्टी ने भी 241 वार्डों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू पर दिया था विवादित बयान, TMC नेता अखिल गिरी के ख़िलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में पश्चिम बंगाल के मंत्री अखिल गिरि की विवादास्पद टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों ने रविवार को राज्य के कई हिस्सों में रैलियां निकालीं। राज्य के सुधार गृह मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता गिरि के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोलकाता के अलावा पश्चिम बर्द्धमान, मालदा और बांकुड़ा जिलों में भी प्रदर्शन किये गये।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News