PM मोदी वीर सावरकर हवाई अड्डे के नए भवन का करेंगे उद्घाटन...दिल्ली में राजग की बैठक में शामिल होंगे 38 दल, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Jul 18, 2023 - 06:21 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलावार को पोर्ट ब्लेयर में वीर सावरकर अंतररष्ट्रीय हवाई अड्डे, पोर्ट ब्लेयर के नए एकीकृत टर्मिनल भवन का पूर्वाह्न 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन करेंगे। नए टर्मिनल भवन का निर्माण लगभग 710 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है जो केन्द्र शासित प्रदेश अंडमान-नीकोबार के लिए संपर्क सुविधाओं के सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 
PunjabKesari
दिल्ली में राजग की बैठक में शामिल होंगे 38 दल 
चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), ओ पी राजभर के नेतृत्व वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) सहित भाजपा के कई नए सहयोगी दल मंगलवार को यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। लंबे अरसे बाद हो रही राजग की बैठक में कम से कम 38 दलों के शामिल होने की उम्मीद है। 

विपक्षी दलों का रात्रिभोज से पहले मंथन और ‘हम एक हैं' का संदेश, आज औपचारिक बैठक 
विपक्ष की कई प्रमुख पार्टियों के शीर्ष नेताओं ने यहां रात्रिभोज के मौके पर बैठक की, जहां से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एकजुट हैं। वे मंगलवार को औपचारिक रूप से मंत्रणा करेंगे कि कैसे अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एक साझा कार्यक्रम तैयार किया जाए और एकजुट होकर उसे मात दी जाए। 

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मॉनसून सत्र आज से 
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मॉनसून सत्र मंगलवार से शुरू होगा। राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इस आखिरी सत्र के हंगामेदार होने के आसार हैं। इस मॉनसून सत्र में राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने कथित घोटालों और नियमितीकरण की मांग को लेकर संविदा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे आंदोलन सहित कई मुद्दों पर भूपेश बघेल सरकार को घेरने का फैसला किया है। 

शरद पवार आज बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक में लेंगे हिस्सा  
अपनी पार्टी में संकट से जूझ रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार मंगलवार को बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होंगे। राकांपा के मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे ने बताया ‘‘शरद पवार ने मंगलवार को बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक में भाग लेने का फैसला किया है। यहां (महाराष्ट्र में) चाहे कुछ भी हो रहा हो, वह वहां जाएंगे।'' 

चंद्रयान-3: कक्षा की ओर बढ़ने की दूसरी प्रक्रिया सफल 
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 ने दूसरी कक्षा की ओर बढ़ने की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। चन्द्रयान-3 को शुक्रवार को श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपित किया गया था। इसरो ने सोमवार को कहा कि चंद्रयान-3 के ऊपरी कक्षा में पहुंचने की दूसरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। 

राजग की बैठक आज, भाजपा ने लोकसभा चुनाव अभियान को किया तेज 
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) मंगलवार को अपने घटक दलों की एक बैठक की मेजबानी करने जा रहा है। बेंगलुरु में विपक्षी दलों के एकजुट होने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से बुलाई गई यह बैठक सत्तारूढ़ गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है। यहां होने वाली राजग की बैठक में भाजपा के कई मौजूदा और नए सहयोगी दल मौजूद रहेंगे। 

भाजपा के पतन की शुरुआत कर्नाटक से शुरू हो चुकी है, 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं जीतेगी: सिद्धारमैया 
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोमवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगा और भाजपा के पतन की शुरुआत कर्नाटक से हो गई है, जहां पार्टी मई में विधानसभा चुनाव हार गई थी। 

विपक्षी गठबंधन भानुमति का कुनबा, न नेता है, ना ही कोई नीति: नड्डा 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) देशहित पर आधारित है और इसका लक्ष्य सेवा करना है, जबकि विपक्षी दलों के गठबंधन की बुनियाद ‘स्वार्थ' पर टिकी है तथा उसके पास न तो कोई नेता है, न कोई नीति है और ना ही निर्णय लेने की कोई क्षमता।

जन सेना के नेता पवन कल्याण मंगलवार को राजग की बैठक में होंगे शामिल  
जन सेना पार्टी के संस्थापक और अभिनेता पवन कल्याण मंगलवार को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक में भाग लेंगे। पार्टी के सूत्रों ने  बताया कि कल्याण के साथ जन सेना की राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष नादेंडला मनोहर भी बैठक में भाग लेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News