PM मोदी आज करेंगे ‘एयरो इंडिया-2023' का उद्घाटन...सीजेआई चंद्रचूड़ दो न्यायाधीशों को दिलाएंगे शपथ, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Feb 13, 2023 - 05:29 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 फरवरी को 14वें ‘एयरो इंडिया-2023' का उद्घाटन करेंगे। यहां वायुसेना के येलहंका हवाई अड्डे पर मोदी पांच दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे जिसका विषय है-एक अरब संभावनाओं की राह(द रनवे टू ए बिलियन अपारच्युनिटी)। इस एयर शो में विमानन के क्षेत्र में भारत के विकास और इसकी रक्षा क्षमताओं को दर्शाया जाएगा। 
PunjabKesari
वहीं, भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ सोमवार को दो नए न्यायाधीशों न्यायमूर्ति राजेश बिंदल और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार को शपथ दिलाएंगे। उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त होने से पहले न्यायमूर्ति बिंदल इलाहबाद उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश थे, जबकि न्यायमूर्ति कुमार गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे। इनके शपथ लेने के बाद शीर्ष न्यायालय में न्यायाधीश की संख्या नौ महीने के अंतराल के बाद 34 हो जाएगी।

न्यायाधीशों के नाम को मंजूरी में देरी के आरोप संबंधी याचिका पर आज सुनवाई करेगा SC 
सुप्रीम कोर्ट और उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए कॉलेजियम की ओर से अनुशंसित नामों को मंजूरी देने में केंद्र की कथित देरी के मुद्दे पर दायर दो याचिकाओं पर शीर्ष अदालत में सोमवार को सुनवाई होगी। न्यायमूर्ति एस के कौल की अध्यक्षता वाली पीठ ने तीन फरवरी को मामले की सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिशों को मंजूरी देने में देरी पर नाराजगी जताते हुए इसे 'बेहद गंभीर मुद्दा' बताया था।  

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: बांग्लादेश से सटी सीमा समेत अंतरराज्यीय सीमाएं आज से होंगी सील 
त्रिपुरा में स्वतंत्र और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव सुनिश्चित करने के प्रयास के तहत बांग्लादेश से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा और अंतरराज्यीय सीमाओं को सोमवार से सील किया जाएगा। एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने जानकारी दी। 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा के लिए 16 फरवरी को चुनाव होगा। 

PM मोदी के खिलाफ टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को नोटिस, लोकसभा सचिवालय ने 15 फरवरी तक मांगा जवाब 
लोकसभा सचिवालय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में टिप्पणी को लेकर विशेषाधिकार हनन के नोटिस पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से 15 फरवरी तक जवाब तलब किया है। सचिवालय ने गांधी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों की ओर से दिये गये विशेषाधिकार हनन नोटिस पर जवाब देने को कहा है।

भारत का विकास इंजन बनने के लिए उत्‍तर प्रदेश सक्षम भी है और तैयार भी : द्रौपदी मुर्मू 
उत्तर प्रदेश सरकार के वैश्विक निवेशक सम्मेलन के सफल आयोजन की सराहना करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कहा कि यह राज्य भारत का विकास इंजन बनने के लिए सक्षम भी है और तैयार भी है। यहां आयोजित तीन दिवसीय 'उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन-2023' के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि कुछ देशों ने उत्तर प्रदेश की वृद्धि और विकास के लिए अपनी रुचि दिखाई है।

'अल्लाह और ओम एक', अरशद मदनी के बयान पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के मंच पर बवाल...अन्य धर्मगुरु हुए नाराज
दिल्ली के रामलीला मैदान में जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अधिवेशन में मंच पर उस समय बवाल हो गया जब मौलाना अरशद मदनी की बात सुन जैन और कई दूसरे धर्मगुरु वहां से चले गए। मौलाना अरशद मदनी ने मोहन भागवत की आलोचना करते हुए कहा कि अल्लाह और ओम एक हैं, इस पर जैन गुरु लोकेश मुनि ने आपत्ति जताई, जिसके बाद जैन और अन्य धर्मगुरुओं ने मंच छोड़ दिया। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के 34वें अधिवेशन में मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि RSS प्रमुख मोहन भागवत का बयान गलत था, अल्लाह और ओम एक हैं। 

'जम्मू-कश्मीर ने चाहा था प्यार और रोजगार, लेकिन उन्हें मिला'...राहुल गांधी का भाजपा पर निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर में जारी अतिक्रमण रोधी मुहिम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रविवार को निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रशासित प्रदेश ने रोजगार, बेहतर कारोबार और प्यार चाहा था, लेकिन उसे इसके बजाय ‘‘भाजपा का बुलडोजर'' मिला। कांग्रेस, कांफ्रेंस और पीडीपी (पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) जैसे कई बड़े दलों ने इस मुहिम को लेकर चिंता व्यक्त की है और इसे तत्काल रोकने की मांग की है। 

'बयानों पर बवाल, MVA से सियासी अनबन'...भगत सिंह कोश्यारी ने इसलिए दिया राज्यपाल पद इस्तीफा
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया और उनके स्थान पर रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया है। बैस इससे पहले झारखंड के राज्यपाल थे। राष्ट्रपति ने कोश्यारी के साथ ही लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्णन माथुर का इस्तीफा भी मंजूर कर लिया गया है। 

मुझे 2 बार मिला था मंत्री पद ऑफर, लेकिन...वरुण गांधी का दावा
पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी पार्टी केंद्र सरकार के कामकाज के खिलाफ बयानबाजी करके सवाल खड़े करते रहते हैं। मोदी सरकार के दोनों कार्यकालों में वरुण के पास कोई मंत्रिपद भी नहीं रहा है। अब केंद्र में मंत्रिपद को लेकर वरुण गांधी ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि उन्हें दो बार मंत्री बनने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News