भारत में लॉकडाउन लगेगा या नहीं? मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में PM मोदी ने कर दिया क्लीयर

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 09:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच हुई अहम वर्चुअल बैठक अब खत्म हो गई है। करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने के खतरे पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक का मुख्य मकसद था कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत में तेल, गैस और जरूरी सामानों की सप्लाई किसी भी हाल में न रुके। प्रधानमंत्री मोदी ने देश में फैल रही अफवाहों के बीच साफ कर दिया है कि देश में किसी भी तरह का कोई लॉकडाउन नहीं लगेगा। 

आम लोगों पर असर न पड़े, यही प्राथमिकता

पीएम मोदी ने साफ कहा कि दुनिया में चाहे जितनी उथल-पुथल हो, उसका असर आम लोगों की जिंदगी पर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने राज्यों से अपील की कि वे अपने-अपने यहां ऐसी व्यवस्था करें, जिससे जरूरी चीजों की कमी न हो और सप्लाई चेन मजबूत बनी रहे।

राज्यों की भूमिका सबसे अहम

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार हर संभव कदम उठा रही है, लेकिन योजनाओं को जमीन पर लागू करने की जिम्मेदारी राज्यों की है। इसलिए सभी राज्यों को सतर्क रहकर तैयारी करने की जरूरत है।

कोरोना काल जैसा मिलकर काम करने की अपील

पीएम मोदी ने इस स्थिति की तुलना कोरोना महामारी से की। उन्होंने याद दिलाया कि 2020 में कैसे केंद्र और राज्यों ने मिलकर ‘टीम इंडिया’ के रूप में काम किया था। उसी तरह आज भी एकजुट होकर इस चुनौती का सामना करना जरूरी है।

वैक्सीनेशन मॉडल का भी जिक्र

उन्होंने 2021 के वैक्सीनेशन अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी केंद्र और राज्यों ने मिलकर काम किया था। केंद्र ने 18 साल से ऊपर के लोगों को मुफ्त वैक्सीन दी थी, जिससे राज्यों पर आर्थिक बोझ कम हुआ था।

ईंधन और महंगाई पर मंथन

बैठक में मिडिल ईस्ट के तनाव के कारण बढ़ती तेल कीमतों, महंगाई और सप्लाई सिस्टम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों की तैयारियों की जानकारी देते रहे, ताकि हालात को समय रहते संभाला जा सके।

ये राज्य नहीं हो सके शामिल

पश्चिम बंगाल, असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि वहां चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है।

कई बड़े नेता बैठक में शामिल

इस हाई-लेवल मीटिंग में गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के रेवंत रेड्डी, पंजाब के भगवंत मान, जम्मू-कश्मीर के उमर अब्दुल्ला, झारखंड के हेमंत सोरेन, गुजरात के भूपेंद्र पटेल और महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस सहित कई मुख्यमंत्री बैठक में शामिल हुए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News