PM मोदी ने कुवैत के प्रिंस शेख सबाह अल-खालिद से की अहम बातचीत

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 06:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबा अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबा से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आने वाले ईद के त्योहार की बधाई भी दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय हालात पर गंभीर चर्चा हुई।

पश्चिम एशिया की स्थिति पर साझा की चिंता

बातचीत के दौरान भारत और कुवैत के बीच पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते सुरक्षा हालात पर विस्तार से चर्चा हुई। हाल के घटनाक्रम को लेकर दोनों नेताओं ने चिंता जताई और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि वह क्षेत्र में स्थिरता और शांति के पक्ष में है।

कुवैत की सुरक्षा पर हमलों की भारत ने की निंदा

प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत की संप्रभुता और उसकी सीमाओं की सुरक्षा पर हो रहे हमलों की कड़ी आलोचना की। मौजूदा हालात में खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के चलते कुवैत भी सतर्क है। रिपोर्ट्स के अनुसार, क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाओं ने सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है, जिसके चलते कुवैत ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा भारत के लिए अहम

पीएम मोदी ने बातचीत में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस समुद्री मार्ग से जहाजों का सुरक्षित और निर्बाध आवागमन भारत की ऊर्जा जरूरतों के लिए बेहद जरूरी है। इस क्षेत्र में किसी भी तरह की बाधा से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे ऊर्जा संकट गहरा सकता है।

भारतीय समुदाय के सहयोग के लिए कुवैत का आभार

वार्ता के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा के लिए कुवैत द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए संवाद और कूटनीति ही सबसे प्रभावी रास्ता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News