Independence Day 2022: PM मोदी लगातार 9वीं बार लाल किले की प्राचीर से फहराएंगे तिरंगा, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Aug 15, 2022 - 05:33 AM (IST)

नई दिल्लीः देश आज आजादी का जश्न मना रहा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को लगातार नौवीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इस साल 15 अगस्त को होने वाला समारोह खास है क्योंकि यह भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर हो रहा है और सरकार इस मौके पर कई कार्यक्रम शुरू कर रही है। सरकार ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर ‘हर घर तिरंगा' समेत कई कार्यक्रम शुरू किए हैं। 

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें- 
PunjabKesari 

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बोलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, हाल के वर्षों में दुनिया ने नए भारत को विकसित होते देखा  
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित किया। राष्ट्रपति के तौर पर राष्ट्र के नाम यह उनका पहला संबोधन है। अपने संबोधन में द्रौपदी मुर्मू ने 76वें स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त के दिन को विभाजन-विभीषिका स्मृति-दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि दुनिया ने हाल के वर्षों में नए भारत को विकसित होते देखा है, विशेषकर कोविड-19 महामारी के प्रकोप के बाद। राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उद्देश्य भविष्य की पीढ़ी को औद्योगिक क्रांति के अगले चरण के लिए तैयार करना है, इसे विरासत से जोड़ना है। 

आज पटना आएंगे लालू प्रसाद यादव, कैबिनेट विस्तार कार्यक्रम में ले सकते हैं हिस्सा 
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के साथ ही अब पूरा फोकस मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर है। मंत्रिमंडल में किन चेहरों को जगह दी जाती है इसको लेकर पार्टियों के अंदर बैठकों का दौर चालू है। बताया जा रहा है कि राजद, कांग्रेस और जदयू कोटे के मंत्रियों का नाम लगभग यह है। इन सब के बीच खबर यह है कि राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव 15 अगस्त को दिल्ली से पटना आ सकते हैं। जिसके बाद वो मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल हो सकते हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर ITBP के जवान चीन को दिखाएंगे ताकत, LAC के पास फहराएंगे तिरंगा 
स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 'आजादी के अमृत महोत्सव' के तहत, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस जवान 75 पर्वत चोटियों पर चढ़ाई करेंगे और चीन के साथ लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास 75 दिन तक लंबी दूरी की गश्त करेंगे। आईटीबीपी के प्रवक्ता विवेक कुमार पांडेय ने पीटीआई-भाषा से कहा कि पूर्वी सीमा पर विभिन्न स्थानों पर 15 अगस्त को ‘अमृतारोहण’ नामक पर्वतीय अभियान शुरू होगा। 

स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के दिन दिल्ली में चलेगी मेट्रो
15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए हैं। दिल्ली के अंदर कई मार्गों पर सुरक्षा कारणों से आम वाहनों की आवाजाही पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी गई है। वहीं डीएमआरसी ने बताया कि 15 अगस्त के दिन मेट्रो का परिचालन आम दिन की तरह ही होगा। हालांकि, दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर गाड़ी की पार्किंग की सुविधा नहीं होगी। डीएमआरसी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा उपायों के मद्देनजर दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर रविवार सुबह से सोमवार दोपहर दो बजे तक वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगा। मेट्रो रेल अन्य दिनों की तरह इस दिन भी सामान्य रूप से चलती रहेंगी। 

पाक के आजादी दिवस पर इमरान ने भारत की तारीफों के बांधे पुल, रैली में दिखाया जयशंकर का वीडियो
सत्ता से आऊट होने के बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान कई बार शहबाज सरकार को सबक सिखाने के लिए भारत की तारीफ कर चुके हैं। इस बार इमरान  ने पाकिस्तान के आजादी दिवस पर शक्ति प्रदर्शन दौरान भारत की तारीफों के पुल बांधे हैं। लाहौर में एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए इमरान ने स्लोवाकिया में एक कार्यक्रम की वीडियो किल्प भी चलवाई  जिसमें भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर रूस से सस्ता तेल खरीदने पर जवाब दे रहे थे। इमरान ने विदेश मंत्री एस जयशंकर की इस वीडियो क्लिप को दिखाते हुए भारत की स्वतंत्र विदेश नीति की सराहना की है। 

महाराष्ट्र में मंत्रियों के विभागों का आवंटन, फडणवीस के पास गृह-वित्त मंत्रालय, सीएम शिंदे को यह जिम्मा
मंत्रिपरिषद में 18 मंत्रियों को शामिल करने के पांच दिन बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को विभागों का आवंटन कर दिया। उन्होंने नगर विकास और 11 अन्य विभाग जहां अपने पास रखे हैं, वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अहम गृह विभाग आवंटित किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि भाजपा नेता फडणवीस वित्त और योजना विभाग भी संभालेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ही राधाकृष्ण विखे पाटिल नए राजस्व मंत्री होंगे। वह 2019 के विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। 

विज्ञापनों में नेहरू को शामिल नहीं किए जाने पर आग बबूला हुई कांग्रेस, कही यह बात 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत कर्नाटक सरकार द्वारा रविवार को समाचार पत्रों में प्रकाशित विज्ञापन में स्वतंत्रता सेनानियों की सूची में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को शामिल नहीं किए जाने पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई। इस मामले में निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता सिद्धरमैया ने रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई पर ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का गुलाम'' होने का आरोप लगाया। 

1947 में हुआ देश का विभाजन जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकताः शाह 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विभाजन का दंश झेलने वाले लोगों को रविवार को श्रद्धांजलि दी और कहा कि भारत के इतिहास के इस ''अमानवीय'' अध्याय को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' युवा पीढ़ी को देशवासियों की पीड़ा की याद दिलाएगा और नागरिकों को ''हमेशा के लिए'' शांति व सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगा। शाह ने ट्वीट किया, ''1947 में हुआ देश का विभाजन भारतीय इतिहास का वो अमानवीय अध्याय है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। विभाजन की हिंसा और घृणा ने लाखों लोगों की जान ले ली व असंख्य लोगों को विस्थापित होना पड़ा। आज 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' पर बंटवारे का दंश झेलने वाले लाखों लोगों को नमन करता हूं।'' 

15 अगस्त पर दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम: पंजाब पुलिस ने 4 आतंकी पकड़े
पंजाब पुलिस ने नई दिल्ली से चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चारों आतंकी कनाडा में बैठे अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला और ऑस्ट्रेलिया में बैठे गुरजंट सिंह उर्फ जनता के करीबी हैं। पुलिस ने इन चारों से आईईडी के अलावा तीन ग्रेनेड, दो पिस्टल और 40 कारतूस बरामद किए। पंजाब पुलिस का दावा है कि इनकी प्लानिंग 15 अगस्त पर दिल्ली में ब्लास्ट करने की थी। चारों की गिरफ्तारी में दिल्ली पुलिस की मदद भी ली गई। पंजाब के DGP गौरव यादव ने बताया कि एक हफ्ते में पकड़ा गया यह तीसरा आतंकी मॉड्यूल है जिसके कनेक्शन क्रॉस बॉर्डर से हथियारों की तस्करी करने वालों से जुड़ रहे हैं। 

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजोरी व श्रीनगर में मुठभेड़, फायरिंग में जवान घायल 
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार  देर शाम राजोरी व श्रीनगर में शुरू हुई मुठभेड़ में शुरूआती फायरिंग में एक जवान घायल हो गया। एक आतंकी भी घायल हुआ है। दोनों जगह ऑपरेशन जारी है। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार आतंकियों ने नौहट्टा इलाके के रेडपोरा पार्क के पास सुरक्षा बलों की पार्टी को निशाना बनाकर फायरिंग की। 

भारतीय सेना: नायक देवेंद्र प्रताप सिंह कीर्ति चक्र से सम्मानित, आठ जवानों को मिला शौर्य चक्र 
स्वतंत्रता दिवस पर नायक देवेंद्र प्रताप सिंह को दूसरे सर्वोच्च वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। इस दौरान सेना के जवानों को आठ शौर्य चक्र प्रदान किए गए। इसमें दो जवान सिपाही कर्ण वीर सिंह और गनर जसबीर सिंह को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। इसके अलावा सिपाही कर्ण वीर सिंह और गनर जसबीर सिंह को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 'हर हाथ तिरंगा' कार्यक्रम में हुए शामिल
स्वतंत्रता दिवस 2022 की पूर्व संध्या पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया 'हर हाथ तिरंगा' कार्यक्रम में शामिल हुए। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, आज देश के लोग आजादी के 75वें साल का जश्न मना रहे हैं। हमने राष्ट्रीय राजधानी में 500 जगहों पर राष्ट्रीय झंडे लगाए हैं और इसी वजह से दिल्ली तिरंगे का शहर बन गया है। आज हमने 25 लाख बच्चों को तिरंगे बांटें।  


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News