T-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने पर PM मोदी ने टीम इंडिया को दी बधाई, कहा- Team ने शानदार जज्बा दिखाया

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 11:07 PM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लगातार दूसरा आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी। भारत ने अहमदाबाद में हुए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी आईसीसी टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की जो उसका तीसरा टी20 विश्व कप खिताब है।

मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, ''चैंपियंस! आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। '' उन्होंने लिखा, ''यह शानदार जीत उनके असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीमवर्क को दर्शाती है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने बेहतरीन जज्बा दिखाया। '' उन्होंने लिखा, ''इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबास, टीम इंडिया।''

भारत इस तरह अपनी सरजमीं पर खिताब जीतने वाली और तीसरी टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनी। भारत ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद संजू सैमसन (89 रन), अभिषेक शर्मा (52 रन) और ईशान किशन (54 रन) के अर्धशतकों से पांच विकेट पर 255 रन बनाए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की टीम को 19 ओवर में 159 रन पर समेटकर खिताब जीत लिया। जसप्रीत बुमराह ने चार और अक्षर पटेल ने तीन विकेट झटके जबकि हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक विकेट मिला। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News