Independence Day: स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे PM मोदी, 12 जगहों पर बनाए सेल्फी प्वाइंट

punjabkesari.in Tuesday, Aug 15, 2023 - 05:36 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं और 15 अगस्त को देशभर में मनाए जाने वाले आजादी के इस उत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा इस ऐतिहासिक स्मारक की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

PunjabKesari

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव' समारोह का समापन होगा। प्रधानमंत्री ने 12 मार्च, 2021 को गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम से इसका शुभारंभ किया था। इसके साथ ही वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के पीएम मोदी के सपने को साकार करने के लिए देश नए उत्साह के साथ ‘अमृत काल' के इस सफर आगे बढेगा। स्वतंत्रता दिवस को मनाने के लिए कई नई पहल की गई हैं। 

PunjabKesari

बड़ी संख्या में अतिथि आमंत्रित

पिछले साल की तुलना में इस साल बड़ी संख्या में अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। लाल किले पर आयोजित समारोह का हिस्सा बनने के लिए देशभर से विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लगभग 1,800 लोगों को उनके जीवनसाथी के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह पहल सरकार के ‘जनभागीदारी' दृष्टिकोण के अनुरूप की गई है। इन विशिष्ट अतिथियों में 660 से अधिक जीवंत गांवों के 400 से अधिक सरपंच, किसान उत्पादक संगठन योजना से जुड़े 250 लोग, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के 50-50 प्रतिभागी, नए संसद भवन सहित सेंट्रल विस्टा परियोजना से जुड़े 50 श्रम योगी (निर्माण श्रमिक), 50-50 खादी कार्यकर्ता, सीमा पर स्थित सड़कों के निर्माण, अमृत सरोवर और हर घर जल योजना से जुड़े लोगों के साथ-साथ 50-50 प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, नर्स और मछुआरे शामिल हैं। इनमें से कुछ विशिष्ट अतिथियों का दिल्ली में अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का दौरा करने और रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। प्रत्येक राज्य और केन्द्र-शासित प्रदेश से 75 दंपत्तियों को भी उनकी पारंपरिक पोशाक में लाल किले में आयोजित समारोह को देखने के लिए आमंत्रित किया गया है।

PunjabKesari

12 जगहों पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, इंडिया गेट, विजय चौक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, प्रगति मैदान, राजघाट, जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन, दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन, आईटीओ मेट्रो गेट, नौबत खाना और शीश गंज गुरुद्वारा सहित 12 स्थानों पर सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों को समर्पित सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। इन योजनाओं और पहलों में वैश्विक उम्मीद, टीके और योग, उज्ज्वला योजना, अंतरिक्ष शक्ति, डिजिटल इंडिया, कौशल भारत, स्टार्ट-अप इंडिया, स्वच्छ भारत, सशक्त भारत, नया भारत, पॉवरिंग इंडिया, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News