‘50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल रहे’, गुजरात के भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले PM मोदी

punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2026 - 06:17 AM (IST)

अहमदाबादः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि कुछ लोग अब भी यह स्वीकार करने से हिचकते हैं कि देश में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। गुजरात के सभी 182 विधानसभा क्षेत्रों में दिवाली के बाद आयोजित 'स्नेह मिलन' कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी सरकार की नीतियों और प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले, स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले और आजादी के लिए अपनी जवानी जेलों में बिताने वाले सभी लोगों की आत्माएं आज जहां भी होंगी, वे विश्व बैंक की इस रिपोर्ट को देखकर सबसे ज्यादा खुश होंगी। वे सोच रहे होंगे कि आखिरकार 'मेरे देश से गरीबी दूर हो रही है'।'' विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 में 27.1 प्रतिशत से घटकर 2023 में 2.6 प्रतिशत रह गई। इस दौरान देश में अनुमानित 49.6 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया।

मोदी ने कहा, ''हजार साल की गुलामी ने हमें गरीब बना दिया था। हजार साल की गुलामी के बाद पहली बार 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ रहे हैं। इससे बड़ी जीवन की कोई संतुष्टि नहीं हो सकती, इससे बड़ी कोई उपलब्धि नहीं हो सकती।'' हालांकि, उन्होंने कहा कि कुछ लोग अब भी इस उपलब्धि को स्वीकार करने से हिचकते हैं। मोदी ने कहा, ''मैं जानता हूं कि कई लोग अब भी इसे खुले तौर पर कहने से हिचकते हैं, क्योंकि यह सब इस दौर (भाजपा शासन) में हुआ है। उन्हें यह पसंद नहीं है। उन्हें पसंद हो या न हो, हमें इस बात की संतुष्टि है कि हमारे प्रयास सफल हुए हैं।'' इस विकास को नागरिकों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत बताते हुए उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां देश का ''स्वर्णिम युग'' देखेंगी।

उन्होंने कहा, ''हमारी नीयत सही है, हमारी नीति सही है, हमारी दिशा सही है और हमारी मेहनत में कोई कमी नहीं है।'' भाजपा ने गुजरात के सभी 182 विधानसभा क्षेत्रों में इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने घाटलोडिया विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री का डिजिटल संबोधन सुना। मोदी ने कहा कि इस साल की दिवाली उनके लिए खास थी, क्योंकि अक्टूबर 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के बाद जनप्रतिनिधि के रूप में 25 साल पूरे हुए। मोदी ने अपनी राजनीतिक यात्रा में सहयोग देने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों को श्रेय दिया और कहा कि उनके कठिन परिश्रम के कारण ही उन्हें अपने गृह राज्य और देश की सेवा करने का अवसर मिला। गुजरात में वर्ष 2001 के विनाशकारी भूकंप को याद करते हुए मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उनकी पहली दिवाली प्रभावित परिवारों के बीच बीती थी।

उन्होंने कहा, ''उस दिन मेरा यह विश्वास और मजबूत हो गया कि त्योहारों की असली खुशी और आनंद किसी दूसरे के जीवन में उम्मीद का दीपक जलाने में है।'' मोदी ने कहा कि जनभागीदारी की भावना ने गुजरात को भूकंप की तबाही से उबरने और कच्छ को उम्मीद के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद की। उन्होंने कहा कि इसके बाद पुनर्निर्माण के प्रयास पूरे राज्य में फैले और व्यापक बदलाव आया। गुजरात की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि कभी मुख्य रूप से व्यापार के लिए पहचाने जाने वाले इस राज्य ने कृषि, डेरी, उद्योग, सेमीकंडक्टर, पेट्रोकेमिकल, वाहन और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी अपनी उपस्थिति बढ़ाई है।

उन्होंने कहा कि गुजरात की आर्थिक प्रगति ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने गुजरात के विकास के जरिये देश का विकास करने का अपना पुराना नारा भी दोहराया। मोदी ने 2001 के आसपास के मुश्किल वर्षों को याद करते हुए कहा कि उस समय पार्टी कार्यकर्ता गरीब परिवारों को जरूरी पोषण उपलब्ध कराने के लिए घर-घर जाकर 'सुखड़ी' (एक पारंपरिक मिठाई) इकट्ठा करते थे। उन्होंने कहा कि सूखे के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था की जाती थी और पशु शिविर लगाए जाते थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी ने गुजरात को सूखे और पानी की कमी की समस्या से उबरने में मदद की।

उन्होंने कहा, ''जल संरक्षण और 'चेक डैम' बनाने के अभियान धीरे-धीरे जनआंदोलन बन गए, जिससे राज्य की स्थिति बदल गई।'' प्रधानमंत्री ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान 2001 में शुरू किए गए गरीब कल्याण मेलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन मेलों से गरीब परिवारों में आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें गरीबी से बाहर निकलने के लिए प्रोत्साहन मिला। मोदी ने कहा, ''इस तरह के कार्यक्रम शुरू करने से मिले अनुभव ने मुझे 2014 के बाद केंद्र में मेरी सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाएं बनाने में मदद की।'' मोदी ने याद किया कि जब उनकी सरकार ने गरीबों के बैंक खाते खोलने शुरू किए थे, तब आलोचकों ने उनकी उपयोगिता पर सवाल उठाए थे। इसी तरह, उन परिवारों को एलपीजी कनेक्शन देने पर भी सवाल उठाए गए थे, जो सिलेंडर भरवाने का खर्च नहीं उठा सकते थे।

प्रधानमंत्री ने कहा, ''हम एक के बाद एक योजनाएं बनाते रहे और उन्हें कतार में खड़े आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाते रहे। हमने साबित किया कि उन लोगों के लिए सामाजिक न्याय का क्या अर्थ है, जो इसके सही हकदार हैं और जरूरतमंद हैं। और वे कौन लोग थे जिनके पास बैंक खाते नहीं थे? हमारे दलित परिवार, आदिवासी परिवार, शोषित और वंचित वर्ग के लोग तथा महिलाएं।'' उन्होंने कहा कि बैंक खाते खोले गए, घरों में गैस चूल्हे पहुंचे और जरूरतमंदों को बिजली कनेक्शन तथा आयुष्मान कार्ड दिए गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन सभी योजनाओं के परिणामस्वरूप 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News