स्टेशन पर खड़ी खाली ट्रेन में महिला से दरिंदगी के बाद ह''त्या, 4 दिन बाद मिला श''व; आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2026 - 01:34 AM (IST)
नई दिल्ली/चेन्नई: तमिलनाडु के नागरकोविल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक खाली ट्रेन के डिब्बे में महिला से दुष्कर्म और उसकी हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के चार दिन बाद पीड़िता का शव बरामद किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस दर्दनाक वारदात पर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने 21 नवंबर को छपी मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है।
DGP से 7 दिनों में मांगी 'एक्शन टेकन रिपोर्ट'
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) महेश कुमार अग्रवाल को पत्र लिखकर घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने पुलिस प्रशासन से एक हफ्ते (7 दिनों) के भीतर विस्तृत 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' पेश करने को कहा है। इसके अलावा, मामले की समयबद्ध जांच, सुरक्षा में हुई संभावित चूक की पड़ताल, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक सबूतों को पूरी तरह सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शव की पहचान और सुरक्षा तंत्र की समीक्षा के आदेश
महिला आयोग ने अधिकारियों को मृतका की जल्द पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने के भी निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक परिवहन और रेलवे परिसरों में महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। इसके लिए रेलवे स्टेशनों की व्यापक सुरक्षा समीक्षा, खाली पड़े ट्रेन के डिब्बों की नियमित निगरानी, रात में गश्त बढ़ाने तथा जीआरपी (GRP), आरपीएफ (RPF) एवं रेलवे अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया गया है।
