दिल्ली: दो पक्षों के बीच झगड़ा रोकने की कोशिश कर रहे दो युवकों पर चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Nov 22, 2026 - 03:35 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में एक बस स्टैंड के पास हुए झगड़े के बाद दो लोगों पर चाकू से हमला करने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम को कुछ युवकों के बीच झगड़ा हो रहा था और इसी दौरान दो युवकों ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराने की कोशिश की,लेकिन झगड़ा कर रहे युवकों ने उन्हीं दोनों पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने इस मामले में शौर्य सिंह (18), अमन (23) और बॉबी (18) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हमले में इस्तेमाल किया गया एक पेचकस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता सूरज सेन (18) शुक्रवार रात करीब नौ बजे अपने दोस्त अर्पित मिश्रा के साथ काम से घर लौट रहा था और चौहान पट्टी बस स्टैंड पर उतरने के बाद दोनों ने देखा कि कुछ लड़कों के बीच झगड़ा हो रहा है, जिसके बाद उन्होंने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "जब मिश्रा ने बीच-बचाव करने और उन्हें शांत कराने की कोशिश की, तो दो-तीन लड़कों ने उन्हें चाकू मारने का कथित तौर पर प्रयास किया। इस दौरान हुई हाथापाई में, हमलावरों ने सूरज के बाएं कंधे पर भी चाकू मार दिया और पीड़ितों को धमकी देते हुए वहां से भाग गए।" शनिवार को मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अमन और बॉबी इससे पहले भी 2025 में सोनिया विहार थाने में दर्ज चाकू से हमले के एक अन्य मामले में शामिल थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News