नवी मुंबई में आग का तांडव: तेल गोदाम धू-धू कर जला, लपटों की चपेट में आईं प्लाईवुड और कूरियर कंपनियां

punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2026 - 06:08 AM (IST)

नवी मुंबई: महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित वाशी इलाके (सेक्टर-18 / माफको मार्केट क्षेत्र) में रविवार देर रात एक ऑयल कंपनी के गोदाम में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि इसने देखते ही देखते पास स्थित एक प्लाईवुड यूनिट और कूरियर कंपनी को भी अपनी चपेट में ले लिया।

राहत की बात यह रही कि रविवार की छुट्टी होने के कारण कंपनियों में कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई हताहत नहीं हुआ।

 

धमाकों की आवाज से दहला इलाका, 2 बजे तक उठती रहीं लपटें 
शुरुआती जानकारी के अनुसार, रविवार रात लगभग 11 बजे वाशी स्थित ऑयल कंपनी के गोदाम में अचानक आग भड़की। गोदाम में भारी मात्रा में तेल और ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों के कारण आग बगल की प्लाईवुड यूनिट और कूरियर फर्म तक जा पहुंची।

लकड़ी और पैकेजिंग का सामान होने से आग तेजी से फैली और स्थानीय लोगों ने धमाके जैसी तेज आवाजें भी सुनीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। रात करीब 2 बजे तक आसमान में आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठता रहा।

दमकल की 10-12 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू 
अग्निकांड की सूचना मिलते ही नवी मुंबई दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया गया। दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग को अन्य औद्योगिक इकाइयों में फैलने से रोका और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। इस हादसे में तीनों कंपनियों में रखा लाखों-करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख होने की आशंका है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मिलकर मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News