PM मोदी पहुंचे असम, 5,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे उद्धाघटन

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 11:14 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर असम के डिब्रूगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने मोरान बाईपास पर नए बने इमरजेंसी लैंडिंग सुविधा (ELF) पर उतरकर एक नया इतिहास रच दिया। यह देश में पहली बार है जब पीएम का विमान किसी नेशनल हाईवे पर लैंड हुआ है। सैन्य एवं राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण यह रनवे युद्ध और प्राकृतिक आपदा जैसी स्थितियों में भारतीय वायुसेना के लिए 'गेम-चेंजर' साबित होगा।

ब्रह्मपुत्र पर आधुनिक 'भास्कर वर्मा सेतु' का किया आगाज

दौरे के अगले चरण में प्रधानमंत्री ने ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया। लगभग ₹3,030 करोड़ की लागत से तैयार यह 6-लेन पुल पूर्वोत्तर का पहला Extradosed पुल है। इस इंजीनियरिंग चमत्कार की बदौलत गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच घंटों का सफर अब महज 7 मिनट में पूरा हो सकेगा। भूकंपरोधी तकनीक और रियल-टाइम हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम से लैस यह पुल क्षेत्र की लाइफलाइन बनेगा।

शिक्षा और डिजिटल इंडिया को मिली नई रफ्तार

असम को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी मजबूती देते हुए पीएम ने IIM गुवाहाटी के स्थायी परिसर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही कामरूप जिले के अमीनगांव में National Data Center का भी शुभारंभ किया गया। 8.5 मेगावाट क्षमता वाला यह सेंटर पूर्वोत्तर के सरकारी डेटा को न केवल सुरक्षित रखेगा, बल्कि डिजिटल सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगा।

225 इलेक्ट्रिक बसों को भी दी हरी झंडी

शहरी यातायात को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री ने 225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इनमें से 100 बसें विशेष रूप से गुवाहाटी के लिए हैं, जबकि अन्य बसें नागपुर, भावनगर और चंडीगढ़ के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में शामिल की जाएंगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News