प्रधानमंत्री मोदी ने मास्को में ‘अज्ञात सैनिक के मकबरे' पर श्रद्धांजलि अर्पित की

punjabkesari.in Tuesday, Jul 09, 2024 - 05:35 PM (IST)

मॉस्को: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस की दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को मास्को में ‘अज्ञात सैनिक के मकबरे' पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी यहां रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए हैं। उन्होंने समाधि पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बहादुरों को भावभीनी श्रद्धांजलि! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मास्को में अज्ञात सैनिक के मकबरे पर पुष्पांजलि अर्पित की और वीरता, बलिदान और अदम्य मानवीय साहस को सलाम किया।''

 

यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की शुरुआत के बाद से मोदी की यह पहली रूस यात्रा है। ‘अज्ञात सैनिक का मकबरा' मास्को में क्रेमलिन वाल पर स्थित एक युद्ध स्मारक है। इस स्मारक के सामने एक वर्गाकार मैदान में पांच कोण वाला तारा बना हुआ है और उसके केंद्र में अमर ज्योति जलती रहती है। यह वहां पर मौजूद कांस्य शिलालेख को रौशन करती है। यह द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अपनी जान गंवाने वाले सोवियत सैनिकों को समर्पित है।

 

इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी ने यहां भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत बदल रहा है क्योंकि वह अपने 140 करोड़ नागरिकों की ताकत में विश्वास करता है जो अब ‘विकसित भारत' के अपने संकल्प को वास्तविकता में बदलने का सपना देख रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी चुनौतियों को चुनौती देना उनके डीएनए में है और भारत आने वाले वर्षों में वैश्विक विकास का एक नया अध्याय लिखेगा।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News