भारतीय पैरा एथलीटों से मिले PM मोदी, बोले- आप सब ने बढ़ाया देश का मान

punjabkesari.in Sunday, Sep 12, 2021 - 12:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों से मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने पीएम मोदी के साथ पैरालंपिक के अपने अनुभवों को भी शेयर किया। भारतीय एथलीटों से मुलाकात का वीडियो PMO ने शेयर किया है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि  पैरालंपिक खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने न सिर्फ देश का मन जीता है बल्कि सबकी सोच भी बदल कर रख दी। बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए इन खेलों में भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने कमाल करते हुए 19 पदक जीते जिनमें पांच स्वर्ण पदक भी शामिल हैं। पैरालंपिक खेलों में भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

PunjabKesari

टोक्यो पैरालंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ी- अवनि लेखरा, सिंहराज अडाना, सुमित अंतिल, मनीष नरवाल, प्रमोद भगत, कृष्णा नागर, भाविना पटेल, निषाद कुमार देवेंद्र झाझरिया, योगेश कथुनिया, मरियप्पन थंगवेलु, प्रवीण कुमार, सुहास यतिराज, सुंदर सिंह गुर्जर, शरद कुमार, हरविंदर सिंह और मनोज सरकार शामिल हैं। भारत की तरफ से टोक्यो पैरालंपिक में 54 सदस्यीय दल ने भाग लिया जिसने 9 स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश की। टोक्यो पैरालंपिक में गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास यतिराज ने बैडमिंटन में पुरुष सिंगल्स की एसएल-4 स्पर्धा में रजत पदक जीता था।

PunjabKesari

कृष्णा नागर ने बैडमिंटन में पुरुष सिंगल्स एसएच-6 स्पर्धा में दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। टोक्यो पैरालंपिक में पलक कोहली भले ही पदक न जीत पाई हों लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया। देवेंद्र झाझरिया ने टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा एफ-46 में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने इस स्पर्धा में अब तक तीन पदक जीते हैं। इससे पहले उन्होंने एथेंस ओलंपिक और लंदन ओलंपिक के दौरान स्वर्ण पदक जीते थे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News