PM मोदी ने मेलोनी को दी बधाई, इटली में बनाया सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 05:52 AM (IST)
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद लगातार सबसे लंबे समय तक इटली के प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड बनाने के लिए शुक्रवार को जॉर्जिया मेलोनी को बधाई दी और इस उपलब्धि को उनके नेतृत्व में इतालवी लोगों के विश्वास का स्पष्ट संकेत बताया।
मोदी को धन्यवाद देते हुए मेलोनी ने कहा कि आज इटली और भारत के बीच संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं और दोनों देश मिलकर यूरोप तथा एशिया के बीच संबंधों को भी मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे को विकसित करने के लिए भी साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मेलोनी (49) 22 अक्टूबर 2022 से इटली की प्रधानमंत्री हैं। बृहस्पतिवार को इस पद पर 1,413 दिन पूरे करने के साथ ही वह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाली प्रधानमंत्री बन गईं। वह इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री भी हैं।
Congratulations to my friend Prime Minister Meloni on becoming the longest continuously serving Prime Minister in Italy's postwar history. This milestone is a reflection of the trust and confidence of the Italian people in her leadership.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 4, 2026
Her friendship has also been…
मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाली नेता बनने पर बधाई। यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इतालवी लोगों के भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।" मोदी ने कहा कि मेलोनी की मित्रता ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के लोगों के समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए करीबी सहयोग जारी रखने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा, "आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता के लिए मेरी ओर से शुभकामनाएं।"
Mi congratulo con la mia amica, il Primo Ministro Meloni, per essere diventata il Primo Ministro con il mandato più lungo nella storia del dopoguerra italiano. Questo traguardo riflette la fiducia che il popolo italiano ripone nella sua leadership.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 4, 2026
La sua amicizia è stata…
इसके जवाब में मेलोनी ने कहा, "धन्यवाद, प्रिय नरेन्द्र मोदी, आपके शब्दों और आपकी मित्रता के लिए। आज इटली और भारत के बीच संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं।" इतालवी प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने अपनी पिछली बैठक के दौरान जो विशेष रणनीतिक साझेदारी शुरू की थी, वह इस संबंध के महत्व को दर्शाती है। मेलोनी ने कहा, "मुझे विश्वास है कि इटली और भारत मिलकर हमारे महाद्वीपों के बीच संबंधों को भी मजबूत करना जारी रखेंगे। साथ ही, भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे को विकसित करने के लिए भी साथ मिलकर काम करेंगे।"
