मॉस्को में भारतीय इंजीनियर गिरफ्तार; सेना में भर्ती का बनाया जा रहा दबाव, पत्नी ने PM मोदी से लगाई मदद की गुहार (Video)
punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 06:19 PM (IST)
Moscow: रूस की राजधानी मॉस्को में एक भारतीय इंजीनियर को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद मामला तूल पकड़ रहा है। आरोप है कि भारतीय इंजीनियर चंदन गुप्ता और उनके साथी आशीष को नशे की हालत में होने तथा पास खड़ी एक एम्बुलेंस का शीशा तोड़ने के आरोप में हिरासत में लिया गया। हालांकि, चंदन की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने इन आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया है कि उनके पति को गलत तरीके से मामले में फंसाया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चंदन गुप्ता और आशीष को 5 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे मॉस्को के रेड स्क्वायर परिसर से पुलिस ने हिरासत में लिया। दोनों को कथित तौर पर बाउमांस्काया पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
🎥 | Indian engineer #ChandanGupta was reportedly detained by Moscow police following an incident at Red Square. His wife, #SnehaGupta, has appealed to Prime Minister Narendra Modi and Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath for help, alleging that her husband had been… pic.twitter.com/5t8JgUjngT
— The Statesman (@TheStatesmanLtd) September 7, 2026
चंदन पर नशे में होने और एक एम्बुलेंस का शीशा तोड़ने का आरोप लगाया गया है। चंदन उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं और नोएडा स्थित फ्लेक्स फिल्म्स की रूसी सहायक कंपनी में काम करते हैं। बताया गया है कि वह हाई-क्वालिफाइड वर्क वीजा पर रूस में रह रहे हैं। घटना के बाद चंदन की पत्नी स्नेहा गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने पति की मदद करने की अपील की। स्नेहा का आरोप है कि उनके पति ने कोई गलत काम नहीं किया, इसके बावजूद पुलिस उन्हें रात में अपने साथ ले गई और बाद में एक मामले में फंसा दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें स्थानीय रूसी भाषा नहीं आती और उनके साथ उनका 10 साल का बच्चा भी है।
सरकार से जल्द हस्तक्षेप कर पति की रिहाई में मदद करने की गुहार लगाई। स्नेहा गुप्ता ने इससे भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि रूस में सैनिकों की कमी के कारण विदेशी नागरिकों, खासकर भारतीयों को कथित तौर पर सेना में भर्ती करने के लिए दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति को भी रूसी सेना में भर्ती करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। भारतीय दूतावास की ओर से उपलब्ध जानकारी में फिलहाल मामले को रूसी कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा जांचे जा रहे कानूनी मामले के तौर पर बताया गया है।मामले की जानकारी सामने आने के बाद भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास ने दोनों भारतीय नागरिकों की स्थिति जानने और उन्हें कांसुलर सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संपर्क किया है।
दूतावास ने दोनों नागरिकों के लिए कांसुलर एक्सेस की मांग की है, ताकि भारतीय अधिकारी उनसे मुलाकात कर उनकी स्थिति, स्वास्थ्य और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी ले सकें। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, दूतावास चंदन की पत्नी के भी लगातार संपर्क में है और उन्हें मामले से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। भारतीय दूतावास के मुताबिक, रूसी कानून प्रवर्तन अधिकारी इस मामले को फिलहाल कानूनी मामला मानकर जांच कर रहे हैं। दूतावास ने कहा है कि उसे सोशल मीडिया पर चंदन गुप्ता की पत्नी द्वारा की गई अपील की जानकारी मिली है। इसके बाद वह पत्नी और स्थानीय अधिकारियों दोनों के संपर्क में है तथा कांसुलर पहुंच की अनुमति मांग रहा है। बता दें कि रूस में भारतीय नागरिकों से जुड़े ऐसे मामलों को लेकर भारत पहले भी अपने नागरिकों की सुरक्षा और कांसुलर सहायता का मुद्दा उठा चुका है।
