PM Kisan: कब आएगी PM किसान योजना की 22वीं किस्त? 19 लाख किसानों के हटे नाम, जानें पूरी जानकारी

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 05:39 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देशभर के लाखों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की अगली यानी 22वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पिछली 21वीं किस्त नवंबर 2025 में जारी हुई थी, जिसमें लगभग 9 करोड़ किसानों के खातों में 18,000 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए थे। अब किसानों की निगाहें मार्च 2026 में आने वाली 22वीं किस्त पर टिकी हैं।

होली से पहले मिलने की थी उम्मीद, लेकिन पैसा नहीं आया

कई किसान उम्मीद कर रहे थे कि इस बार होली से पहले उनकी बैंक खातों में राशि ट्रांसफर हो जाएगी। लेकिन त्योहार के बाद भी पैसे नहीं पहुंचे, जिससे किसानों में चिंता और सवाल बढ़ गए हैं।

कुछ राज्यों में नामों की कटौती

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में लगभग 19 लाख किसानों के नाम योजना से हटाए गए हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बड़ी संख्या में लाभार्थियों को सूची से बाहर किया गया है।

योजना को पूरे हुए 7 साल

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को हुई थी। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर चार महीने में 2,000 रुपये मिलते हैं। सालाना कुल तीन किस्तों के माध्यम से प्रत्येक किसान के खाते में 6,000 रुपये जमा किए जाते हैं।

बिहार के किसानों को मिल सकती है अतिरिक्त मदद

सूत्रों की मानें तो इस बार बिहार के किसानों को 22वीं किस्त के साथ अतिरिक्त राशि मिलने की संभावना है। अगर यह लागू हुआ, तो बिहार के किसान सालाना 6,000 रुपये की जगह 9,000 रुपये तक सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

नाम हटाने के पीछे कारण

सरकार की समीक्षा में यह पाया गया कि कुछ लोग योजना का गलत तरीके से लाभ उठा रहे थे। एक ही जमीन पर अलग-अलग लोग पैसे ले रहे थे, जबकि कुछ मामलों में मृतक लाभार्थियों के नाम पर भी राशि ट्रांसफर हो रही थी। इन अनियमितताओं को रोकने के लिए सरकार लाभार्थियों की सूची अपडेट कर रही है।

22वीं किस्त में देरी का कारण

किस्त में देरी का मुख्य कारण पात्रता की कड़ी जांच बताई जा रही है। अब फार्मर आईडी को अनिवार्य किया गया है, लेकिन सभी किसानों की आईडी तैयार नहीं हुई है, जिससे प्रक्रिया धीमी हो गई है।

मार्च में आने की उम्मीद

PM-Kisan योजना के हिसाब से हर चार महीने में किस्त जारी होती है। 21वीं किस्त नवंबर 2025 में जारी हुई थी, इसलिए विशेषज्ञों का मानना है कि अगली 22वीं किस्त मार्च 2026 में जारी हो सकती है। अभी तक सरकार ने इसकी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News