बागी हुए संजय निरुपम बोले-सोनिया गांधी से जुड़े लोग रच रहे साजिश, छोड़ दूंगा कांग्रेस

punjabkesari.in Friday, Oct 04, 2019 - 01:55 PM (IST)

नई दिल्लीः विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में रार बढ़ती नजर आ रही है। अपने द्वारा सुझाए गए नाम को खारिज किए जाने से रूठे पार्टी के पूर्व प्रमुख संजय निरूपम ने कांग्रेस के प्रचार अभियान में शामिल नहीं होने के ऐलान के बाद शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान निरूपम ने कहा कि दिल्ली में बैठे लोगों में समझ की कमी है। पार्टी ने योग्य लोगों के साथ न्याय नहीं किया।

 

संजय ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ जुड़े लोग साजिश रच कर राहुल गांधी के साथ खड़े लोगों को अलग-थलग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ भी साजिश रची जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो कांग्रेस बर्बाद हो जाएगी। निरूपम ने कहा कि कांग्रेस में पुनर्गठन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब मेरे जैसे लोगों की जरूरत नहीं है। पूर्व सांसद ने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व उनसे जिस तरह का व्यवहार कर रहा है, उसे देखते हुए वह दिन दूर नहीं जब वह पार्टी को अलविदा कह देंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News