4 लाख देकर बना 'सिपाही', 10 दिन तक रेलवे स्टेशन पर करता रहा ड्यूटी, ऐसे खुली फर्जीवाड़े की पोल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 04:56 AM (IST)

नेशनल डेस्कः बिहार के मोतिहारी से जालसाजी और ठगी का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे को भी हैरत में डाल दिया है। यहां बापूधाम रेलवे स्टेशन पर पिछले 10 दिनों से खाकी वर्दी पहनकर पुलिस की ड्यूटी कर रहा एक युवक असल में पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि खुद एक बड़ी ठगी का शिकार निकला। पकड़े गए युवक की पहचान राजेपुर थाना क्षेत्र के इस्माइल गांव निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है।

मजदूरी छोड़ 'पुलिस' बनने का देखा था सपना
पूछताछ के दौरान पवन कुमार ने बताया कि वह पहले महाराष्ट्र में मजदूरी का काम करता था। वहां उसकी मुलाकात हरेंद्र राम नामक व्यक्ति से हुई, जिसने उसे पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। बाद में पटना में वासुदेव राम से उसकी मुलाकात कराई गई और नौकरी के नाम पर पवन से 4 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। जालसाजों ने पवन को पुलिस की वर्दी सिलवाकर थमा दी और उसे बापूधाम रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी करने के लिए भेज दिया।

10 दिनों तक किसी को नहीं हुआ शक
पवन को पूरा यकीन था कि उसकी बहाली हो चुकी है। वह पूरी ईमानदारी के साथ मुजफ्फरपुर से रोज ट्रेन पकड़कर मोतिहारी आता, दिन भर स्टेशन पर ड्यूटी करता और शाम को वापस लौट जाता। उसने अपने रिश्तेदारों और गांव वालों को भी गर्व से बताया था कि वह पुलिस में भर्ती हो गया है।

ऐसे खुली पोल
मामले का खुलासा तब हुआ जब स्टेशन पर तैनात असली पुलिसकर्मियों को पवन की गतिविधियों और उसकी पहचान को लेकर संदेह हुआ। जब गहनता से जांच की गई और रिकॉर्ड खंगाले गए, तो पता चला कि पवन कुमार नाम के किसी भी व्यक्ति की पुलिस में बहाली ही नहीं हुई है। इसके बाद नगर थाना पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।

नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक खुद ठगी का शिकार हुआ है। पुलिस अब उस गिरोह की तलाश कर रही है जिसने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की और फर्जी तरीके से युवक को वर्दी पहनाकर ड्यूटी पर तैनात कर दिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है कि इस तरह से और कितने लोग ठगी का शिकार हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News