Heavy Rain Alert: देशभर में एक्टिव हुआ दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, IMD ने अगले 10 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट किया जारी
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 02:28 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह एक्टिव हो चुका है। इसी बीच IMD ने अगले 10 दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। स्थानीय प्रशासनों ने भी इस स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखा गया है। मुंबई में स्कूल- कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। लगातार हो रही इस बारिश के चलते महाराष्ट्र और मुंबई के निचले इलाकों में पानी भर गया है। इसका असर यातायात पर भी हुआ है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका के कारण तटीय इलाकों के लोगों को अलर्ट पर रखा गया है।
दिल्ली-एनसीआर में भी जारी हुआ 'येलो अलर्ट'
दिल्ली- एनसीआर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसी के साथ राजधानी में आने वाले दिनों में तेज हवाओं के साथ गरज- चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से भारी नुकसान
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में इस साल भी मॉनसून तबाही लेकर आया है। भारी बारिश और लैंडस्लाइड के चलते 49 सड़कें बंद हो गई हैं। इन्हें खोलने का काम किया जा रहा है। वहीं हिमाचल के कांगड़ा, कुल्लू, चंबा और शिमला में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
देश के इन राज्यों में भी जारी हुआ अलर्ट
बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल में भारा बारिश की संभावना जताई गई है। आने वाले दो हफ्तों तक देश के पश्चिमी तट, मध्य, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की जानकारी देखकर ही घरों से बाहर निकलें और सतर्क रहें।
