Passport Colors: नीले से लेकर मरून तक... सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं, आपकी पावर बताता है पासपोर्ट का रंग
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 01:07 PM (IST)
Types of Passports : जब भी हम विदेश यात्रा की बात करते हैं तो दिमाग में सबसे पहले पासपोर्ट का ख्याल आता है। लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि आपके पास जो पासपोर्ट है उसका रंग दूसरों से अलग क्यों हो सकता है? पासपोर्ट का रंग सिर्फ डिजाइन नहीं बल्कि एक कोडिंग है जो इमीग्रेशन अधिकारियों को आपकी पहचान, हैसियत और यात्रा के मकसद के बारे में पल भर में बता देती है।
भारत में पासपोर्ट के 4 रंग: किसकी क्या है वैल्यू?
भारत सरकार मुख्य रूप से चार रंगों के पासपोर्ट जारी करती है जिनका महत्व अलग-अलग है:

-
नीला पासपोर्ट (Type-P): यह सबसे कॉमन पासपोर्ट है जो आम नागरिकों को दिया जाता है। P का मतलब है पर्सनल। यह पढ़ाई, पर्यटन या बिजनेस ट्रिप के लिए होता है।
-
सफेद पासपोर्ट (Type-S): यह बेहद खास होता है। 'S' यानी 'सर्विस'। यह उन सरकारी अधिकारियों को मिलता है जो सरकारी काम से विदेश जाते हैं। इसे रखने वालों को इमीग्रेशन पर विशेष तवज्जो मिलती है।
-
मरून पासपोर्ट (Type-D): यह भारत का सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट है। 'D' का मतलब 'डिप्लोमेटिक'। यह सांसदों, राजदूतों और हाई-प्रोफाइल अधिकारियों को मिलता है। इनके पास विदेश में गिरफ्तारी से छूट और तेज इमीग्रेशन जैसी कई शक्तियां होती हैं।
-
नारंगी (Orange) पासपोर्ट: यह उन लोगों के लिए है जिन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई पूरी नहीं की है। इसे 'ECR' (इमीग्रेशन चेक रिक्वायर्ड) श्रेणी कहा जाता है ताकि विदेश में काम करने वाले मजदूरों के अधिकारों की रक्षा की जा सके।
दुनिया भर में रंगों का पॉलिटिकल कनेक्शन
पूरी दुनिया में पासपोर्ट के रंगों का चुनाव अक्सर राजनीतिक और धार्मिक मान्यताओं के आधार पर किया जाता है:
-
लाल/मरून: यूरोपीय संघ (EU) के देशों में एकता और ऐतिहासिक विरासत दिखाने के लिए लाल रंग लोकप्रिय है।
-
नीला: अमेरिका, कनाडा और दक्षिण अमेरिकी देश इसे नई दुनिया के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल करते हैं।
-
हरा: अधिकतर मुस्लिम देशों (जैसे सऊदी अरब, पाकिस्तान) में हरा रंग इस्तेमाल होता है क्योंकि इस्लाम में इस रंग का गहरा धार्मिक महत्व है।
-
काला: यह सबसे दुर्लभ रंग है। न्यूजीलैंड अपनी राष्ट्रीय पहचान के कारण और कुछ अफ्रीकी देश (जैसे अंगोला) काले रंग का पासपोर्ट इस्तेमाल करते हैं।
रंगों से कैसे आसान होती है सुरक्षा?
पासपोर्ट का कवर देखते ही एयरपोर्ट अधिकारियों को पता चल जाता है कि यात्री आम नागरिक है या कोई वीवीआईपी (VVIP)। इससे वेरिफिकेशन की प्रक्रिया तेज होती है और सुरक्षा जांच में समय की बचत होती है।


