'किसी के कान का पर्दा फटा, किसी को लगी गंभीर चोट'...एयर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस पर यात्री ने सुनाई आपबीती
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 12:54 AM (IST)
नेशनल डेस्कः थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में सवार यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन किसी बुरे सपने जैसा रहा। उड़ान के दौरान विमान को भारी टर्बुलेंस (हवाई झटकों) का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में अचानक बड़ा बदलाव आ गया और केबिन के अंदर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि विमान अब दिल्ली में सुरक्षित लैंड कर चुका है।
#WATCH | Delhi: A passenger says, “It had been an hour and a half since the flight. It was early morning. We were sleeping inside the flight. The flight suddenly stopped while moving and turned around…it kept moving like this for 2-3 minutes…15-20 passengers got injured…there… pic.twitter.com/S5SEDYUCqZ
— ANI (@ANI) August 4, 2026
सो रहे थे यात्री और अचानक घूमने लगा प्लेन
हादसे का शिकार हुए एक यात्री ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद, जब सुबह के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे, तभी अचानक विमान एक तरफ झुक गया और पूरी तरह से घूमने लगा। यात्री के अनुसार, करीब दो से तीन मिनट तक विमान के अंदर अजीब और खौफनाक हालात बने रहे।
#WATCH | Delhi: Several passengers injured after Air India flight encounters severe air turbulence while travelling from Phuket to Delhi pic.twitter.com/OM1lXKRKcm
— ANI (@ANI) August 4, 2026
15-20 लोग घायल, किसी का फटा सिर तो किसी का कान
एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने दावा किया कि विमान में सवार 100 से ज्यादा लोगों में से करीब 15-20 यात्रियों को चोटें आई हैं। यात्री ने बताया, "किसी का सिर फटा है, तो किसी के बच्चे को चोट आई है। मेरे भाई के कान का पर्दा तक फट चुका है और उसका कंधा चोटिल है"। हालांकि, एयर इंडिया के प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा है कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है और प्रभावित यात्रियों को मामूली चोटें लगने के बाद एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी में यात्री
विमान में हुए इस डरावने अनुभव और चोटों से नाराज यात्रियों ने एयर इंडिया के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोलने का मन बना लिया है। यात्रियों का कहना है कि वे इस मामले में पूरी 'लीगल पावर' के साथ एयर इंडिया के खिलाफ एक्शन लेंगे।
एयर इंडिया ने जारी किया स्पष्टीकरण
एयर इंडिया ने टर्बुलेंस की बात स्वीकार करते हुए कहा कि विमान के एल्टीट्यूड में क्षणिक बदलाव आया था। कंपनी ने जोर देकर कहा कि उनके लिए यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोपरि है और वे इस मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले जून में भी दिल्ली से रायपुर जा रहा एयर इंडिया का विमान बर्ड हिट (पक्षी टकराने) का शिकार हुआ था।
