Rain Alert: दिल्ली में बारिश के साथ 40 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 01:02 PM (IST)

नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह बारिश हुई और आसमान में काले बादल छाए रहे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में हल्की से मध्यम बारिश होने, बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के मद्देनजर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

आईएमडी ने कहा कि शहर के कई हिस्सों में दिन में बारिश होने की संभावना है और इस दौरान बिजली चमकने और रुक-रुककर तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

आईएमडी ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए कहा कि बृहस्पतिवार अपराह्न 12 बजकर 50 मिनट तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक या आकाशीय बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दिन में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का भी पूर्वानुमान जताया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 165 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News