Cyclone Arnab : आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवात अर्नब : 150 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही तूफानी हवाएं, 9 राज्यों में अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 05:13 AM (IST)
विशाखापत्तनम/भुवनेश्वर: बंगाल की खाड़ी में बना 'अत्यंत भीषण' चक्रवाती तूफान 'अर्नब' आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकरा गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, तूफान के तट से टकराने (लैंडफॉल) की प्रक्रिया बुधवार तड़के लगभग 1:20 बजे शुरू हो गई, जो अगले कुछ घंटों तक जारी रहने की संभावना है। यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के दक्षिण के पास टकराया।
150 किमी/घंटा तक पहुंची हवा की रफ्तार, अगले 4 घंटे बेहद नाजुक
लैंडफॉल के दौरान तटीय इलाकों में 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल रही हैं, जो झोंकों के साथ 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही हैं। IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात का अगला हिस्सा जमीन से टकरा चुका है और पूरी लैंडफॉल प्रक्रिया में लगभग चार घंटे का समय लगेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान तटीय क्षेत्रों में हवा की गति 125 से 135 किमी प्रति घंटा बनी रहेगी।
#WATCH | Digha, West Bengal | Heavy rain and gusty winds lashed several parts of West Bengal as an impact of Cyclone 'Arnab' https://t.co/waADXAoyED
— ANI (@ANI) October 27, 2026
आंध्र, ओडिशा और बंगाल में भारी बारिश; एनएच-216 पर उखड़े पेड़
चक्रवात अर्नब के सीधे प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के दीघा और अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का प्रकोप देखा गया है। डिजास्टर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के मुताबिक, पुडुचेरी में नेशनल हाईवे 216 (NH 216) पर यानम प्रवेश द्वार के पास चक्रवाती हवाओं के कारण कई बड़े पेड़ उखड़ गए हैं।
#WATCH | Cyclone Arnab | Yanam, Puducherry: Several trees have been uprooted due to the impact of Cyclone Arnab near the Yanam entrance on National Highway 216. Strong winds associated with the cyclone have caused damage to trees along the highway: Disaster management (Visuals Source: Disaster management)
— ANI (@ANI) October 27, 2026
9 राज्यों में अलर्ट जारी; स्कूल-कॉलेज बंद और ट्रेन-उड़ानें ठप
मौसम की गंभीरता को देखते हुए IMD ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पुडुचेरी और दिल्ली-एनसीआर समेत नौ राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड में सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर 90 से अधिक ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और कई उड़ानों को भी स्थगित/रद्द किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों और मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में रहने वाले नागरिकों को पूरी तरह सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी है।
दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी
चक्रवात के असर से उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम बदलेगा। 28 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर, बिहार और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल वाले क्षेत्रों में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 से 30 अक्टूबर के दौरान आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी 29 से 31 अक्टूबर के बीच बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
