मुंबई में बड़ा हादसा: मुलुंड में मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरा, ऑटो और कार के उड़े परखच्चे, 4 लोग घायल
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 01:32 PM (IST)
नेशनल डेस्क: मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर को एक बड़ा हादसा हुआ। इस हादसे में एक निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का बड़ा हिस्सा गिरने से ऑटो और कार चकनाचूर हो गए। हादसे में 4 लोगों घायल हुए हैं।
दोपहर 12:20 बजे हुआ हादसा
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे हुआ जब यातायात सामान्य रूप से चल रहा था। अचानक पिलर का एक हिस्सा ढह गया, जिसकी चपेट में आकर ऑटो रिक्शा पूरी तरह पिचक गया। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।
बचाव कार्य और ट्रैफिक डायवर्जन
हादसे की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और मेट्रो प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और एलबीएस रोड के ट्रैफिक को अन्य रास्तों पर डायवर्ट कर दिया गया है।
जांच के घेरे में सुरक्षा मानक
हादसे के बाद मेट्रो प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियां इस बात की बारीकी से जांच कर रही हैं कि क्या निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों (Safety Norms) का पालन किया जा रहा था? मेट्रो प्राधिकरण ने भी इस मामले में आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं।
