कोलकाता से पकड़ा गया पाकिस्तान का 'मोहरा': NIA ने दबोचा जासूस जफर रियाज, WhatsApp के जरिए भेजता था सुरक्षा की गोपनीय जानकारी
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 05:40 AM (IST)
नेशनल डेस्कः राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एनआईए के अनुसार कोलकाता निवासी इस आरोपी जफर रियाज उर्फ रिजवी के खिलाफ लुक-आउट सकुर्लर जारी किया जा चुका है और उसे भगोड़ा अपराधी घोषित करने की कार्रवाई भी चल रही थी।
आरोपी ने एक पाकिस्तानी नागरिक से शादी की थी और उसके बच्चे भी पाकिस्तान के ही नागरिक हैं। एनआईए की जांच से पता चला कि जासूसी के एक मामले में पहले भी दोषी ठहराया जा चुका जफर वर्ष 2005 से लगातार भारत और पाकिस्तान के बीच आ जा रहा था।
ऐसी ही एक यात्रा के दौरान, पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों ने पैसे और पाकिस्तानी नागरिकता मिलने के वादे के एवज भारत की जासूसी के लिए उससे संपर्क किया और उसे अपने साथ मिला लिया। आरोपी ने एक पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी को व्हाट्सएप अकाउंट एक्टिवेट करने में मदद करने के उद्देश्य से भारतीय टेलीकॉम मोबाइल नंबरों के वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) उपलब्ध कराये।
इन अकाउंट्स का इस्तेमाल इस मामले के एक अन्य आरोपी मोतीराम जाट के साथ गुप्त रूप से बातचीत के लिए किया। जाट भी पीआईओ को सुरक्षा से जुड़ी गुप्त जानकारी भेजने में लगा हुआ था। एनआईए इस जासूसी रैकेट में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने और इस साजिश के पीछे की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए अपनी जांच जारी रखे हुए है।
