बीजेपी किस दिन खुलवाएगी शाहीन बाग, मोदी के इस मंत्री ने बताया

punjabkesari.in Wednesday, Feb 05, 2020 - 12:19 AM (IST)

नई दिल्लीः विवादित भाषण के लिए 72 घंटों तक प्रतिबंधित किये गये भाजपा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि 11 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद शाहीन बाग खाली करा लिया जायेगा। ठाकुर ने यहां पार्टी की दिल्ली इकाई के कार्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि दिल्ली के लोगों को कमल निशान के पक्ष में वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद शाहीन बाग खाली करा लिया जायेगा।

गृहमंत्री अमित शाह और अन्य सहित भाजपा नेता मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर शाहीन बाग प्रदर्शनकारियों को समर्थन देने का आरोप लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपनी चुनावी रैली में भी कहा कि शाहीन बाग विरोध के पीछे राजनीतिक मंशा है।

ठाकुर का एक वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने उन पर 72 घंटे का प्रतिबंध लगा दिया था। इस वीडियो में उन्होंने रोहिणी क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से विवादित नारे लगवाये थे। इस बीच, भाजपा ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की अगुआई वाली आम आदमी पार्टी को सत्ता के गलियारों से बाहर करने के लिए शहर में अभियान शुरू किया है। भाजपा नवंबर 1998 से राजधानी में सत्ता से बाहर है और 2015 के दिल्ली चुनावों में उसे केवल तीन सीटें मिली थी।

सूत्रों ने बताया कि नव निर्वाचित पार्टी प्रमुख जे पी नड्डा ने मोदी और अन्य की मौजूदगी में पार्टी के संसदीय दल की बैठक में सूचित किया कि पार्टी के 240 सांसद अब राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रचार कर रहे हैं। भाजपा सांसद सभी जातियों, धर्मों, उम्र और सामाजिक स्तर के मतदाताओं तक पहुंचेंगे। पार्टी के सांसदों को चुनाव प्रचार की अंतिम तिथि छह फरवरी तक विशेष रूप से झुग्गी बस्तियों और गरीबों की आबादी वाले क्षेत्रों में प्रचार करने के लिए कहा गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News