NIT जालंधर में 21वां कॉन्वोकेशन, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि
punjabkesari.in Friday, Jan 09, 2026 - 10:13 AM (IST)
नेशनल डेस्क: डॉ. बी. आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जालंधर 16 जनवरी 2026 को संस्थान परिसर में अपना 21वां कॉन्वोकेशन आयोजित करने जा रहा है। इस कॉन्वोकेशन में भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी, जो संस्थान के लिए गौरव और राष्ट्रीय महत्व का अवसर होगा।
कॉन्वोकेशन के दौरान कुल 1,452 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 1,011 अंडरग्रेजुएट (बी.टेक.), 238 पोस्टग्रेजुएट (एम.टेक.), 21 एमबीए, 90 एम.एससी. तथा 92 पीएचडी विद्यार्थी शामिल हैं। यह समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होगा।
इस अवसर पर पंजाब के माननीय राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया जी सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षाविदों की उपस्थिति रहने की संभावना है, जो संस्थान की राष्ट्रीय पहचान और अकादमिक स्तर को दर्शाता है। कार्यक्रम के दौरान कुल 31 अवार्ड प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 30 विषय-वार अवार्ड और एक ओवरऑल बी.टेक. टॉपर अवार्ड शामिल है। ये अवार्ड विद्यार्थियों को उनके बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए दिए जाएंगे।
कॉन्वोकेशन को लेकर अपने विचार साझा करते हुए प्रो. बिनोद कुमार कनौजिया, निदेशक, एनआईटी जालंधर ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने बताया कि यह संस्थान की गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। प्रो. कनौजिया ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति और अन्य अतिथियों की उपस्थिति एनआईटी जालंधर परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय होगी।
