नागपुर फैक्टरी विस्फोट: विस्फोटक बनाने वाले कारखाने के नौ अधिकारी गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 12:15 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले एक कारखाने में विस्फोट हो जाने से 18 लोगों की मौत की घटना के बाद कंपनी के नौ निदेशकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कलमेश्वर पुलिस ने 'एसबीएल एनर्जी लिमिटेड' के 21 निदेशकों और शेयरधारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक कंपनी के नौ निदेशकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कटोल तहसील के राउलगांव में खनन और औद्योगिक विस्फोटक निर्माता कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की डेटोनेटर पैकिंग इकाई में हुए एक शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 18 मजदूरों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए। अधिकतर घायलों की हालत गंभीर है।

पुलिस अधीक्षक (नागपुर ग्रामीण) डॉ. हर्ष पोद्दार ने सोमवार को बताया कि पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) और सुरक्षा के लिए रक्षा सूचना प्रणाली (DISS) की प्रारंभिक रिपोर्ट में कंपनी में सुरक्षा संबंधी कमियों की ओर इशारा किया गया है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में शेष आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार, शवों के बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान करना असंभव था और मृतकों की पहचान करने के मकसद से डीएनए परीक्षण के लिए परिवार के सदस्यों के नमूने लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विस्फोट के कारणों की गहन जांच के आदेश दिए हैं। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News