आंध्र प्रदेश की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 18 लोगों की हुई दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 05:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क : आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। वेटलापलेम गांव में स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में शनिवार को जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप घायल बताए जा रहे हैं। 

कैसे हुआ हादसा?

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में पटाखे तैयार करने का काम चल रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उस समय इकाई में करीब 20 लोग काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

गृह मंत्री का बयान

राज्य की गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक है। सरकार की ओर से राहत कार्यों पर नजर रखी जा रही है और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन की जानकारी

कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट सगीली शान मोहन ने बताया कि कई घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर पीड़ितों को तुरंत सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रही है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को घटनास्थल का दौरा करने के निर्देश भी दिए हैं।

आगे की कार्रवाई

प्रशासन ने फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की जांच के आदेश दिए हैं। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में राहत और बचाव अभियान जारी है और घायलों के इलाज को प्राथमिकता दी जा रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News