शेयर बाजार में भूचाल: मिडिल-ईस्ट तनाव के बीच सेंसेक्स 700 और निफ्टी 170 अंक लुढ़का

punjabkesari.in Monday, Jun 23, 2025 - 09:47 AM (IST)

नई दिल्ली, 23 जून 2025: हफ्ते की शुरुआत शेयर बाजार के लिए भारी झटके के साथ हुई है। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को जोरदार गिरावट के साथ शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स 704.10 अंक गिरकर 81,704.07 के स्तर पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 50 भी 172.65 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 24,939.75 पर खुला। यह गिरावट खास इसलिए भी है क्योंकि शुक्रवार (21 जून) को बाजार ने शानदार तेजी दिखाई थी — सेंसेक्स में 1046 अंकों की तेजी और निफ्टी में 319 अंकों की उछाल के साथ हफ्ता बंद हुआ था।

सेंसेक्स की 30 में से 28 कंपनियों में गिरावट

आज की बड़ी गिरावट के साथ बाजार में डर का माहौल है। सेंसेक्स की 30 में से 28 कंपनियों के शेयर लाल निशान में खुले, यानी गिरावट के साथ। सिर्फ दो कंपनियों के शेयर ही हरे निशान में नजर आए।

वहीं निफ्टी 50 की बात करें तो सिर्फ 6 कंपनियों में बढ़त देखने को मिली, जबकि बाकी 44 कंपनियों में बिकवाली हावी रही।

इंफोसिस के शेयरों में आज सबसे ज्यादा 2.17% की गिरावट रही, जो कि सेंसेक्स की सबसे बड़ी गिरावट रही। दूसरी ओर, बीईएल के शेयर 1.36% की बढ़त के साथ सबसे ज्यादा फायदे में रहे।

सेंसेक्स कंपनियों का हाल

आज के कारोबार में जिन प्रमुख कंपनियों में गिरावट देखने को मिली उनमें शामिल हैं:

  • एचसीएल टेक: 1.20% गिरावट

  • हिंदुस्तान यूनिलीवर: 1.07%

  • टेक महिंद्रा: 0.98%

  • बजाज फाइनेंस: 0.93%

  • रिलायंस: 0.84%

  • टीसीएस: 0.79%

  • आईसीआईसीआई बैंक: 0.74%

  • टाटा स्टील: 0.72%

  • एचडीएफसी बैंक: 0.63%

  • एसबीआई: 0.35%

  • एलएंडटी: 0.32%

वहीं, भारती एयरटेल के शेयर मामूली 0.02% की तेजी के साथ खुले।

क्या है गिरावट की वजह?

  • मिडल-ईस्ट में गहराता तनाव, जिससे कच्चे तेल की कीमतों पर असर और विदेशी निवेशकों की सतर्कता बढ़ी है।

  • अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी, खासकर अमेरिका और यूरोप के बाजारों से नकारात्मक संकेत।

  • तेजी के बाद मुनाफावसूली, शुक्रवार की बड़ी तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News