Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल ₹5 और डीजल 3 रुपए महंगा, सबसे बड़ी प्राइवेट फ्यूल रिटेलर नायरा ने बढ़ाई कीमत

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 12:31 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत की सबसे बड़ी निजी ईंधन खुदरा विक्रेता नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दामों में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की तत्काल प्रभाव से बढ़ोतरी की है। मामले से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। 

ईंधन खुदरा विक्रेताओं पर ऊंची वैश्विक ऊर्जा कीमतों के कारण बने नए दबाव के बीच यह ताजा बढ़ोतरी की गई है। यह कदम इस साल नायरा द्वारा किए गए मूल्य समायोजनों के बाद उठाया गया है। सूत्रों ने बताया कि देश भर में 7,108 पेट्रोल पंपों का संचालन करने वाली नायरा ने शनिवार के शुरुआती घंटों से पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। इस संबंध में टिप्पणी के लिए नायरा के प्रवक्ता को भेजा गया ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला। इस साल की शुरुआत में जब ईरान संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई थी, तब अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में हुई वृद्धि का बोझ उपभोक्ताओं पर डालने वाली नायरा पहली ईंधन खुदरा विक्रेता थी। 

कंपनी ने 26 मार्च को पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद सार्वजनिक क्षेत्र की ईंधन खुदरा कंपनियों ने मई में पंप कीमतों में वृद्धि करना शुरू किया था। नायरा ने बाद में अपनी मार्च की बढ़ोतरी को वापस ले लिया था। 

पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने पर कंपनी ने एक जुलाई को पेट्रोल के दाम पांच रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपए प्रति लीटर घटा दिए थे।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News