Gold Price in India: आसमान छुएंगे सोने के दाम, ₹2 लाख के पार जा सकता है भाव

punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 11:57 AM (IST)

नई दिल्ली: सोने की कीमतों में इन दिनों लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी भाव में तेजी आती है, तो कभी गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ जाती है। इस बीच सोने की कीमतों को लेकर एक बड़ा अनुमान सामने आया है। बाजार के अनुमानों के मुताबिक, साल 2027 तक भारत में सोने का भाव ₹2 लाख प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच सकता है। हालांकि, यह संभावना वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और बाजार के रुख पर निर्भर करेगी।

सोने की कीमतों को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारकों में अमेरिकी डॉलर की चाल, ब्याज दरें, महंगाई और भू-राजनीतिक तनाव शामिल हैं। इसके अलावा, चीन समेत दुनिया के कई केंद्रीय बैंकों की ओर से सोने की खरीदारी भी इसकी मांग और कीमतों को प्रभावित करती है।

2027 तक कितना हो सकता है सोने का भाव?

सोने की कीमतों को लेकर दीर्घकालिक अनुमानों पर निवेशकों की नजर बनी हुई है। जेपी मॉर्गन की जून 2026 की रिपोर्ट में सोने की कीमत 2026 के अंत तक 6,000 डॉलर प्रति औंस और 2027 के अंत तक 6,300 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया था।

भारतीय बाजार में सोने की कीमत का आकलन करते समय डॉलर के मुकाबले रुपए की विनिमय दर, आयात शुल्क और अन्य स्थानीय लागतों को भी ध्यान में रखना पड़ता है। इन्हीं कारकों के आधार पर सोने का भाव 2027 तक ₹2 लाख प्रति 10 ग्राम से ऊपर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी आने का मतलब यह नहीं है कि भारतीय बाजार में सोना उसी अनुपात में महंगा होगा। वास्तविक कीमत उस समय की विनिमय दर और घरेलू बाजार की परिस्थितियों पर भी निर्भर करेगी।

  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News