राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय नौसेना के ऑपरेशनल प्रदर्शन का किया निरीक्षण
punjabkesari.in Sunday, Dec 04, 2022 - 07:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को नौसेना दिवस के अवसर पर यहां रामकृष्ण बीच पर भारतीय नौसेना के ऑपरेशनल प्रदर्शन का निरीक्षण किया। सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर सुश्री मुर्मू विशाखापत्तनम में नौसेना दिवस के मौके पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि थी। इस दौरान भारतीय नौसेना ने भारत की युद्ध कौशल और क्षमता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार भी उपस्थित रहे। परंपरागत रूप से नौसेना दिवस समारोह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में आयोजित किया जाता है, लेकिन इस साल पहली बार नौसेना दिवस समारोह राष्ट्रीय राजधानी के बाहर आयोजित किया गया। भारतीय नौसेना के जहाजों, पनडुब्बियों, विमानों और पूर्वी, पश्चिमी एवं दक्षिणी नौसेना कमान के विशेष बलों ने भारतीय नौसेना की क्षमता तथा बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
देश में भारतीय नौसेना की उपलब्धियों और भूमिका को पहचान दिलाने के लिए हर साल 04 दिसंबर को नौसेना दिवस के तौर पर मनाया जाता है। उल्लेखनीय है कि इस दिन 1971 में‘ऑपरेशन ट्राइडेंट'के दौरान भारतीय नौसेना ने पीएनएस खैबर सहित चार पाकिस्तानी जहाजों को समुद्र में डुबो दिया था, जिसके कारण सैकड़ों पाकिस्तानी नौसेना के जवान मारे गए थे।