मुंबई में बारिश का कहर: ओबेरॉय मॉल का एंट्रेंस गेट बना ''स्विमिंग पूल'', पानी में तैरते नजर आए बच्चे
punjabkesari.in Wednesday, Aug 20, 2025 - 02:22 PM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते 24 घंटों में शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। विशेष रूप से गोरेगांव का ओबेरॉय मॉल इलाका बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां सड़कों पर इतना पानी भर गया कि वह किसी वॉटर पार्क जैसा नजारा पेश कर रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि मॉल के आसपास के क्षेत्र में पानी भरने के कारण बच्चे उसमें तैरते नजर आ रहे हैं। सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं और लोग इस दृश्य की तुलना किसी वॉटर पार्क या गंगा घाट से कर रहे हैं।
भ्रष्टाचार पर भी उठे सवाल
वायरल वीडियो ने मुंबई महानगरपालिका (BMC) की तैयारियों की पोल खोल दी है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए कि मुंबई जैसे महानगर, और वह भी गोरेगांव जैसे पॉश इलाके में इतनी बदहाल स्थिति क्यों बनी। लोगों का कहना है कि हर साल बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन सरकार और स्थानीय प्रशासन से कोई समाधान नहीं निकलता।
बारिश के आंकड़े
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मुंबई के पूर्वी उपनगर विक्रोली में सर्वाधिक 255.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सांताक्रूज वेधशाला ने 238.2 मिमी और कोलाबा वेधशाला ने 110.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की। अन्य प्रमुख इलाकों में भायखला में 241 मिमी, जुहू में 221.5 मिमी और बांद्रा में 211 मिमी बारिश दर्ज की गई। महालक्ष्मी इलाके में तुलनात्मक रूप से कम 72.5 मिमी बारिश हुई।