Nashik: फार्महाउस से जब्त पेनड्राइव में 58 आपत्तिजनक वीडियो क्लिप बरामद, अब इस हालत में दिखा ढोंगी बाबा

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 08:29 AM (IST)

नासिक: धर्म और ज्योतिष की आड़ में महिलाओं की अस्मत से खेलने वाले ढोंगी बाबा अशोक खरात का काला चिट्ठा अब पूरी तरह खुल चुका है। खुद को 'कैप्टन' कहलवाने वाले इस शख्स के रसूख को नासिक पुलिस ने मिट्टी में मिला दिया है। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस का शिकंजा कसा, तो घंटों तक अपनी धौंस दिखाने वाला यह बाबा घुटनों पर आ गया। पुलिस ने सख्त लहजे में उससे यह कुबूल करवाया कि "नासिक जिला कानून का गढ़ है", जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह कार्रवाई शहर में उन अपराधियों के लिए एक सीधा संदेश है जो खुद को कानून से ऊपर समझते थे।

कैमरों में कैद थी हवस की दास्तां
अशोक खरात की करतूतें केवल मौखिक आरोपों तक सीमित नहीं हैं। पुलिस की एसआईटी टीम, जिसका नेतृत्व आईपीएस तेजस्विनी सातपुते कर रही हैं, ने जब खरात के ठिकानों पर छापेमारी की तो उनके होश उड़ गए। वहां से बरामद पेनड्राइव और डिजिटल उपकरणों ने खरात के 'पाप लोक' की पोल खोल दी। जब्त किए गए डेटा में 58 ऐसी वीडियो क्लिप मिली हैं, जिनमें कई महिलाओं का यौन शोषण दर्ज है। आरोप है कि यह ढोंगी बाबा अपने ऑफिस और फार्महाउस में छिपे हुए कैमरे लगाकर महिलाओं को अपनी हवस का शिकार बनाता था और उनकी रिकॉर्डिंग करता था।

15 साल में खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य
जांच में यह भी सामने आया है कि ज्योतिष के नाम पर खरात ने पिछले डेढ़ दशक में अकूत संपत्ति बटोरी है। आलीशान बंगलों से लेकर बड़े-बड़े जमीन के टुकड़ों और मंदिर ट्रस्टों तक, खरात का आर्थिक जाल बहुत गहरा फैला हुआ है। पुलिस अब उसके बैंक खातों और ट्रस्ट के लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि धर्म की आड़ में काले धन को सफेद करने का खेल कैसे खेला जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस को एक पिस्टल और कारतूस भी मिले हैं, जो उसके रसूख और डराने-धमकाने वाले अंदाज की तस्दीक करते हैं। फिलहाल, नासिक पुलिस इस मामले की हर कड़ी को जोड़ रही है और जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News