खत्म होगा टकराव! अमित शाह की मौजूदगी में असम-अरुणाचल सीमा विवाद पर साइन करेंगे MoU
punjabkesari.in Thursday, Apr 20, 2023 - 10:04 AM (IST)

नेशनल डेस्क: असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच लंबे समय से चल रहा सीमा विवाद सुलझता दिख रहा है। असम और अरुणाचल प्रदेश सरकारें आज दोनों पूर्वोत्तर राज्यों की सीमाओं के साथ सीमा विवाद को खत्म करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करेंगी। असम ने अरुणाचल प्रदेश के साथ लंबे समय से चल रहे सीमा विवाद के मुद्दे को हल करने का फैसला किया है।
राज्य सरकार की गठित 12 क्षेत्रीय समितियों द्वारा दी गई सिफारिशों को बुधवार को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट के फैसलों की घोषणा करते हुए असम के मंत्री अशोक सिंघल ने कहा कि असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच लंबे समय से लंबित सीमा विवाद का मुद्दा सुलझने जा रहा है। इससे पहले मार्च 2022 में, असम और मेघालय सरकारों ने अपने 50 साल पुराने लंबित सीमा विवाद को हल करने के लिए एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।