MP में राशन कार्ड से आधार लिंक करने में फर्जीवाड़ा, 5 लाख से ज्यादा लिंक हुए फर्जी

punjabkesari.in Saturday, Sep 02, 2017 - 09:02 PM (IST)

भोपालः प्रदेश में राशन कार्डों को आधार से जोड़ने के काम में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। जानकारी के मुताबिक प्रदेशभर में 5 लाख से ज्यादा राशन कार्ड फर्जी आधार नंबर से लिंक होने बात सामने आई है। एेसे में नगर प्रशासन के साथ-साथ ग्राम पंचायतों की भूमिका भी संदेश के घेरे में आ गई है। राजधानी भोपाल में 24709 तो आर्थिक राजधानी इंदौर में ही 17227 फर्जी आधार नंबर से राशन कार्डों को लिंक कर राशन में गोलमाल किया गया है।

प्रदेशभर में यह आंकड़ा 5 लाख 33 हजार154 है। इन सभी राशन कार्डों में फर्जी आधार नंबरों का उपयोग कर ऑनलाइन रजिस्टर्ड कर दिया गया था लेकिन जब समग्र आईडी से जोड़कर आधार कार्ड को राशन कार्ड से लिंक करने का काम शुरू हुआ तो राशन कार्ड में ऑनलाइन भरे गए आधार नंबर फर्जी सामने आए हैं। मामला उजागर होने के बाद शासन ने फर्जी आधार नंबरों से लिंक किए गए राशन कार्डों के माध्यम से राशन वितरण पर रोक लगा दी है।

प्रदेशभर में 5 करोड़ 35 लाख 49 हजार से अधिक बीपीएल राशन कार्डधारी हैं, उन्हें एक रुपए किलो गेहूं और चावल मिल रहा है। इस पूरे मामले में ग्राम पंचायतों की भूमिका भी संदेह के दायरे में है। पंचायत स्तर से बीपीएल कार्ड बनाने से लेकर पात्रता पर्ची देने तक में बड़ा गोलमाल किया गया।

2014-15 में जब सेल प्वाइंट मशीन से राशन वितरण का अभियान शुरू हुआ तो इसी दौरान राशन कार्ड से आधार कार्ड को लिंक करना अनिवार्य किया गया। पंचायत सचिवों व नगर प्रशासन के जिम्मेदार अमले ने आधार कार्ड से राशन कार्ड को लिंक करने में ही फर्जीवाड़ा कर दिया। चौकाने वाली बात तो यह सामने आई कि 5 लाख से अधिक राशन कार्डो में फर्जी आधार नंबर भरकर उन्हे लिंक करना सामने आया है।

वहीं, प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि कार्ड फीडिंग के दौरान यह गड़बड़ी हुई है। पंचायत व नगर प्रशासन के जिम्मेदारों ने मनमानी करते हुए फर्जी आधार नंबर से राशन कार्ड को लिंक किया था। कई परिवार के डबल राशन कार्ड भी बन गए थे। मैंने इसे गंभीरता से लेते हुए पहल कराई है। मैंने आदेश भी अब जारी कर दिया है कि उतने ही नए नाम बीपीएल सूची में जुड़ेंगे, जितने नाम काटे जाएंगे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News