Rain Alert: 18 राज्यों में IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट, अगले 4 दिन बारिश मचाएगी तबाही
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 08:29 AM (IST)
Monsoon Rain Alert: देश के कई मैदानी इलाकों में कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मॉनसून अब फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार से देश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और तूफान की संभावना जताई है। अगले चार दिनों तक उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसको देखते हुए 18 राज्यों के लिए Weather Alert जारी किया गया है।
इन राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
IMD के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के लिए भी भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा में भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।
मैदानी राज्यों में 14 और 15 जुलाई को हल्की बारिश
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और बिहार में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में 14 और 15 जुलाई को हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में तेज धूलभरी हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
राजधानी दिल्ली में अगले सात दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। सोमवार को दिल्ली में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ा खतरा, कई जगह Red Alert
पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण हालात पहले से ही चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। कई जगह बादल फटने, भूस्खलन और पहाड़ों से बड़े पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई सड़कों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ है। हिमाचल प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश को लेकर Red Alert जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
