10 Gram Gold Price Fall: सोना-चांदी हुआ सस्ता, कीमतों में भारी गिरावट, देखें 24 Carat 10 ग्राम gold का नया रेट

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 09:36 AM (IST)

नई दिल्ली: आज सुबह जब सराफा बाजार खुला, तो निवेशकों के चेहरे की रंगत उड़ गई। पिछले काफी समय से आसमान छू रहे सोने और चांदी की कीमतों में आज ऐसी सेंध लगी कि भाव ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज का नजारा किसी बड़े झटके से कम नहीं था, जहां सोना और चांदी अपनी रिकॉर्ड ऊंचाइयों से धड़ाम होकर नीचे आ गिरे हैं।

कीमती धातुओं में 'ब्लैक मंडे' जैसी गिरावट
सोने की कीमतों ने आज गोता लगाते हुए सबको हैरान कर दिया। अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट वाले सोने के दाम बाजार खुलते ही लगभग 5% तक टूट गए, जिससे इसकी कीमत में 7,000 रुपये से ज्यादा की बड़ी कटौती दर्ज की गई। जो सोना कुछ ही दिन पहले डेढ़ लाख रुपये के स्तर को पार कर चुका था, वह अब 137,462 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास मंडरा रहा है।

चांदी की हालत तो और भी ज्यादा पतली नजर आई। औद्योगिक मांग में अचानक आई कमी और ग्लोबल मार्केट के दबाव ने चांदी को लगभग 6% नीचे धकेल दिया। एक ही दिन में चांदी की कीमत 13,000 रुपये से ज्यादा गिरकर 213,290 रुपये प्रति किलो पर आ गई है।

आखिर क्यों आई बाजार में यह सुनामी?
विशेषज्ञों का मानना है कि इस गिरावट के पीछे कोई एक वजह नहीं बल्कि कई अंतरराष्ट्रीय कारकों का संगम है। सबसे बड़ा कारण अमेरिकी डॉलर की बढ़ती ताकत है; जब डॉलर मजबूत होता है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना महंगा हो जाता है और मांग कम होने लगती है। इसके अलावा, पिछले एक साल में सोने ने निवेशकों को लगभग 70% का तगड़ा रिटर्न दिया था, इसलिए अब बड़े खिलाड़ी अपना मुनाफा सुरक्षित (Profit Booking) करने के लिए जमकर बिकवाली कर रहे हैं। शेयर बाजार में चल रही उथल-पुथल की वजह से भी निवेशक अपने घाटे की भरपाई के लिए सोने की होल्डिंग बेच रहे हैं।

मिडिल ईस्ट का तनाव और महंगाई का पेंच
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को $110 के पार पहुंचा दिया है। अमूमन महंगाई बढ़ने पर सोने के दाम बढ़ते हैं, लेकिन इस बार मामला उल्टा पड़ रहा है। ऊंचे ब्याज दरों की आशंका ने सोने जैसी बिना ब्याज वाली धातु की चमक को कम कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना पिछले चार महीने के सबसे निचले स्तर पर ट्रेड कर रहा है।

क्या आम आदमी के लिए है यह राहत की खबर?
शादियों का सीजन सिर पर है, ऐसे में कीमतों का इस तरह नीचे आना उन परिवारों के लिए राहत की बात हो सकती है जो गहने खरीदने की योजना बना रहे थे। हालांकि, बाजार के जानकार इसे एक 'हेल्दी करेक्शन' मान रहे हैं, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दे रहे हैं कि वैश्विक हालात को देखते हुए कीमतों में उतार-चढ़ाव का यह दौर अभी कुछ और दिन जारी रह सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News