HPCL में निकली बंपर भर्ती, लाखों में सैलरी... जानें कब और कैसे करें आवेदन
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 05:27 PM (IST)
नेशनल डेस्क : सरकारी क्षेत्र की दिग्गज ऊर्जा कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा अवसर दिया है। कंपनी ने विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 731 पदों को भरा जाएगा। इनमें जूनियर एग्जीक्यूटिव, इंजीनियर, ऑफिसर और कई अन्य महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
700 से ज्यादा पदों पर भर्ती
HPCL की इस भर्ती में कई अलग-अलग क्षेत्रों के पद शामिल किए गए हैं। कंपनी जूनियर एग्जीक्यूटिव के साथ-साथ मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और केमिकल इंजीनियर के पदों पर भी उम्मीदवारों का चयन करेगी। इसके अलावा ऑफिसर और वरिष्ठ स्तर के कुछ पद भी इस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा हैं। कुल मिलाकर 731 रिक्तियों के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी क्षेत्र में करियर बनाने का मौका मिलेगा।
आवेदन की अंतिम तारीख
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 25 मार्च 2026 तक कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते फॉर्म भरने की सलाह दी गई है।
शैक्षणिक योग्यता क्या चाहिए
हर पद के लिए अलग-अलग योग्यता निर्धारित की गई है। कई पदों के लिए ग्रेजुएशन डिग्री, फुल टाइम डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री अनिवार्य है। वहीं कुछ पदों के लिए साइंस ग्रेजुएट के साथ फायर एंड सेफ्टी डिप्लोमा, एमबीए, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कोस्ट अकाउंटेंट या लॉ ग्रेजुएशन जैसी योग्यताएं मांगी गई हैं। कुछ विशेष पदों पर आवेदन के लिए संबंधित क्षेत्र में कार्य अनुभव भी जरूरी रखा गया है।
आयु सीमा और सैलरी
भर्ती के लिए उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा पद के आधार पर 25 से 43 वर्ष तक तय की गई है। वेतन भी पद के अनुसार अलग-अलग होगा। शुरुआती स्तर के पदों पर मासिक सैलरी करीब 30,000 रुपये से लेकर 2,80,000 रुपये तक हो सकती है। वहीं सीनियर साइबर सिक्योरिटी स्ट्रेटजिस्ट जैसे उच्च पदों के लिए सालाना पैकेज 50 से 60 लाख रुपये तक बताया गया है।
ऐसे होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले लिखित परीक्षा या कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को ग्रुप टास्क और इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन इन्हीं चरणों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन कैसे करें
सबसे पहले उम्मीदवारों को HPCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां Our Current Openings सेक्शन में जाकर Recruitment of Officers 2026 लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। लॉगइन करने के बाद नाम, जन्मतिथि, कैटेगरी, जेंडर और पता जैसी जानकारी भरनी होगी।
