महाराष्ट्र: जालना में हिंसक हुआ मराठा आंदोलन, 360 के खिलाफ FIR दर्ज, प्रदर्शनकारी बोले- खत्म नहीं करेंगे भूख हड़ताल

punjabkesari.in Saturday, Sep 02, 2023 - 05:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के जालना जिले में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन हिंसक होने तथा कुछ पुलिसकर्मियों एवं अन्य के घायल होने के बाद शनिवार की स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस ने 360 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने हिंसा में कथित तौर पर संलिप्त 16 लोगों की पहचान कर ली गई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने शुक्रवार को औरंगाबाद से लगभग 75 किलोमीटर दूर अंबाद तहसील में धुले-सोलापुर रोड पर अंतरवाली सारथी गांव में हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े थे।

...तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे
अधिकारियों ने बताया कि मनोज जारांगे के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी मंगलवार से ही गांव में मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे थे। उन्होंने बताया कि स्थिति तब बिगड़ी जब डॉक्टरों की सलाह पर पुलिस ने जारांगे को अस्पताल में भर्ती कराने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि आंदोलन हिंसक हो गया क्योंकि कुछ लोगों ने राज्य परिवहन की बसों और निजी वाहनों को निशाना बनाया। ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस ने हवा में कुछ राउंड फायरिंग की, लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। शनिवार को आंदोलनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे और कहा कि जब तक सरकार मराठा समुदाय को आरक्षण नहीं दे देती तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने अपने ‘शांतिपूर्ण' आंदोलन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया और पूछा कि उन्होंने हवा में गोलियां क्यों चलाईं और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज क्यों किया?
PunjabKesari
करीब 40 पुलिसकर्मी हुए घायल
पुलिस के मुताबिक, हिंसा में करीब 40 पुलिसकर्मी और कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं। उसने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने राज्य परिवहन बसों कम से कम 15 बसों और कुछ निजी वाहनों को आग के हवाले कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जालना के गोंडी पुलिस थाने में 16 आंदोलनकारियों, जिनकी पहचान कर ली गई है, और लगभग 350 अन्य लोगों के खिलाफ शुक्रवार को हुई हिंसा के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। '' उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 333 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य से रोकने के लिए जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना), 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल) और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

स्थिति अब नियंत्रण में है
अधिकारी ने बताया कि पुलिस कर्मी और राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) की एक कंपनी गांव में तैनात की गई है। जालना के पुलिस अधीक्षक (एसपी) तुषार दोशी ने बताया, ‘‘कल की हिंसा में लगभग 40 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए प्लास्टिक की गोलियों और आंसू के गोले का इस्तेमाल किया। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और स्थिति अब नियंत्रण में है।''
PunjabKesari
शिंदे ने की शांति की अपील 
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को शांति की अपील की और घोषणा की कि हिंसा की कि उच्च स्तरीय जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी, जबकि उपमुख्यमंत्री एवं राज्य के गृह विभाग भी संभाल रहे देवेंद्र फड़णवीस ने दावा किया कि पथराव के कारण पुलिस को लाठीचार्ज करने के लिए मजबूर होना पड़ा। राज्य सरकार ने राजनीतिक रूप से प्रभावशाली मराठा समुदाय के लिए आरक्षण का प्रावधान किया था जिसे उच्चतम न्यायालय ने रद्द कर दिया था।

भूख हड़ताल खत्म नहीं की जाएगी
अंतरवाली सारथी गांव में शनिवार सुबह संवाददाताओं से जारांगे ने कहा, ‘भूख हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी। हमारी बहनें और पूरा गांव शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहा है। मुख्यमंत्री ने मराठा आरक्षण पर एक समिति बनाई है, लेकिन उसने रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की है और इसलिए हम आंदोलन कर रहे हैं।'' जारांगे ने हाथ में कारतूस दिखाते हुए कहा, ‘‘ये गोलियां चलीं और हम पर अमानवीय तरीके से लाठियां बरसाई गईं। महिलाओं को भी पीटा गया। क्या हम पाकिस्तानी हैं या उस देश में हमारे रिश्तेदार हैं? उन्होंने गोली क्यों चलाई? हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक हमें आरक्षण नहीं मिल जाता, (मुख्यमंत्री) शिंदे जितनी चाहे गोलियां चला लें।''
PunjabKesari
छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज एवं पूर्व सांसद संभाजी छत्रपति ने शनिवार सुबह अंतरवाली सारथी गांव का दौरा किया। इस बीच, एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार शनिवार को दोपहर के बाद अंतरवाली सारथी गांव का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि पवार औरंगाबाद पहुंचेंगे और फिर गांव जाएंगे। वह अंबाद में उप-जिला अस्पताल और एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा करेंगे। हिंसा और बसों में आगजनी की घटना के मद्देनजर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) ने फिलहाल संभाग में केवल चुनिंदा मार्गों पर बसें चलाने का फैसला किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News