सोनिया-राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने शिंजो आबे की मौत पर जताया दुख

punjabkesari.in Friday, Jul 08, 2022 - 05:13 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया और भारत-जापान संबंधों को मजबूती देने में उनके योगदान को याद किया। सोनिया गांधी ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या से स्तब्ध हूं। वह कई वर्षों तक भारत के बेहतरीन दोस्त और शुभचिंतक रहे। उन्होंने दोनों देशों के बीच के द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक और मजबूत बनाने के लिए बहुत कुछ किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनके साथ हुई मुलाकात को बहुत ही स्नेह के साथ और स्पष्ट रूप से याद करती हूं। जापान और निश्चित तौर पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए भी दुर्भाग्य का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी कमी निश्चित तौर पर महसूस होगी।’’

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं। भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सराहनीय थी। वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपने पीछे एक मजबूत विरासत छोड़ गए हैं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और जापान की जनता के साथ हैं।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या स्तब्ध करने वाली और दुखद है। हिंसा कायरों की भाषा होती है, यह कभी भी अच्छाई को दबा नहीं सकती। आबे बेहतरीन इंसान थे और उनका रास्ता शांति और करुणा का था। उन्होंने जो अद्भुत जीवन जिया, उसके लिए दुनिया उन्हें याद करेगी।’’ पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने आबे की हत्या पर दुख जताया।

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। आबे (67) को पश्चिमी जापान के नारा में शुक्रवार को भाषण शुरू करने के कुछ मिनटों बाद ही गोली मार दी गयी थी। उन्हें विमान से एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी सांस नहीं चल रही थी और उनकी हृदय गति रुक गयी थी। अस्पताल में बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News