मोदी से अधिक विदेश दौरे पर गए थे मनमोहन, बस लोगों को नहीं है इसकी जानकारी: शाह

punjabkesari.in Sunday, Aug 21, 2016 - 09:45 AM (IST)

पणजी: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तुलना में कम विदेश यात्राएं की हैं। शाह ने गोवा भाजपा के बूथ कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता कमलनाथ ने एक बयान दिया था कि मोदी अक्सर विदेश दौरे पर जाते रहते हैं। कमलनाथ को सच्चाई पता नहीं है। सिंह और मोदी के ढाई वर्षों के शासन को देखा जाए तो मोदी की तुलना में पूर्व प्रधानमंत्री अधिक बार विदेश गए।

कमलनाथ को यह पता नहीं है। शाह ने पूर्व संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि जब सिंह विदेश जाते थे, तो किसी को पता ही नहीं चल पाता था। भारत में और न ही विदेश में किसी को उनके विदेश दौरों के बारे में पता चलता था। उन्होंने कहा कि मोदी ने महज ढाई साल में अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भारत के बारे में धारणा बदलने में सफलता हासिल की है।

अब जब मोदी भारत के प्रधानमंत्री बने हैं, जहां भी वह गए, चाहे वह नेपाल, भूटान, श्रीलंका, चीन हो या अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस हर जगह हजारों लोगों ने उनका स्वागत किया। यही कारण है कि मोदी जब विदेश यात्रा करते हैं तो लोगों को पता चलता है। प्रधानमंत्री ने ढाई वर्ष में भारत को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर एक गौरवपूर्ण स्थान दिलाया है। उन्होंने कहा कि संप्रग के पहले और दूसरे कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार का बोलबाला। गोवा में जब कांग्रेस की सरकार थी तो उस समय यहां काफी भ्रष्टाचार था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News