ममता बनर्जी ने विपक्ष पर साधा निशाना, राहुल की दोषसिद्धि पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया स्वागत
punjabkesari.in Friday, Aug 04, 2023 - 06:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के उस फैसले की सराहना की, जिसमें ‘मोदी उपनाम' को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाई गई है। इससे गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘मैं राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाली की खबर से खुश हूं। यह हमारी मातृभूमि के लिए एकजुट होकर लड़ने और जीतने के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' के संकल्प को और मजबूत करेगा।
न्यायपालिका की जीत।'' वहीं, तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के ट्वीट को साझा करते हुए कहा, ‘‘नैतिक ब्रह्मांड का चक्र लंबा है लेकिन यह न्याय की ओर झुकता है।'' उच्चतम न्यायालय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल करने का मार्ग प्रशस्त करते हुए ‘मोदी उपनाम' को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में 2019 में उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मानहानि मामले में शुक्रवार को उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी। लोकसभा अध्यक्ष अब उनकी सदस्यता बहाल कर सकते हैं या राहुल गांधी शीर्ष अदालत के आदेश के परिप्रेक्ष्य में एक सांसद के रूप में अपनी सदस्यता बहाल करने की अपील कर सकते हैं।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
केरल के वायनाड लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी उपनाम वाली टिप्पणी के संबंध में 2019 के मानहानि मामले में राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का शुक्रवार को स्वागत करते हुए जश्न मनाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि लोकसभा सचिवालय जल्द ही राहुल गांधी की संसद सदस्यता को बहाल करेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने वायनाड के कई इलाकों में मिठाइयां बांटी और शीर्ष अदालत के फैसले का जश्न मनाया।
कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने इस फैसले पर खुशी का इजहार करते हुए एक टेलीविजन चैनल से कहा, ‘‘ अब हमारे नेता राहुल गांधी एक बार फिर से वापस आ गए हैं। '' सलीह नामक कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘ आखिरकार राहुल गांधी को शीर्ष अदालत से न्याय मिल गया है। यह फैसला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रतिशोध की राजनीति के खिलाफ है।'' वायनाड से विनोद कुमार नामक एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘ लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले हम सभी लोग उच्चतम न्यायालय के आज के फैसले से बहुत खुश हैं।