ममता तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के सत्ता में आने के बाद ईसाइयों, गिरजाघरों पर ''हमलों'' का आरोप लगाया
punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 12:51 AM (IST)
नेशनल डेस्क : ममता तृणमूल कांग्रेस के एक तथ्यान्वेषण दल ने रविवार को आरोप लगाया कि मई में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में भीड़ ने गिरजाघरों में तोड़फोड़ की, ईसाइयों को दफनाने के अधिकारों से वंचित किया और उनकी प्रार्थनाओं में बाधा डाली।
तीन सदस्यीय टीम की प्रमुख एवं पार्टी की राज्यसभा सदस्य सागरिका घोष ने कोलकाता, उत्तर 24 परगना और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में ईसाई संस्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के अपने दौरों की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा कीं।
घोष ने कहा कि टीम ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के निर्देशों पर कथित पीड़ितों की बात सुनने और "ईसाई समुदायों को हर संभव सहायता देने के लिए ये दौरे किए हैं, जो बढ़ते डर और चिंता के माहौल में जी रहे हैं।" इस समिति में लोकसभा सदस्य और वकील कल्याण बनर्जी के बेटे वकील शीर्षण्य बंद्योपाध्याय और मारिया फर्नांडिस भी शामिल थे।
घोष ने कहा कि टीम ने पाया कि हिंदू धर्म में 'वापसी' न करने पर ईसाइयों को धमकाया जा रहा है और उन पर हमले किए जा रहे हैं तथा ईसाइयों को दफनाने के अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। इसके अलावा, सांसद ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभाओं के ठीक बाहर तेज संगीत बजाकर ईसाई समुदाय को डराया जा रहा है और भीड़ द्वारा गिरजाघरों में तोड़फोड़ की जा रही है।
